ईशा सिंह ने जीता गोल्ड, शूटिंग क्वीन मनु भाकर ने भी मेडल पर लगाया निशाना, वर्ल्ड कप शूटिंग में कमाल
शूटर ईशा सिंह और मनु भाकर ने डायरेक्ट मेडल पर निशाना लगाया। ईशा ने गोल्ड मेडल और मनु ने ब्रॉन्ज पर कब्जा किया।
बीजिंग। चीन के हांग्जो शहर में चल रहे इंटरनेशनल शूटिंग स्पोर्ट फेडरेशन वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय शूटर ईशा सिंह और मनु भाकर ने कमाल कर दिया। वुमेंस 25 मीटर पिस्टल इवेंट में 21 साल की ईशा सिंह ने गोल्ड मेडल जीता। वहीं शूटिंग क्वीन के नाम से मशहूर मनु भाकर ने कांस्य मेडल पर अपना नाम लिखवाया।
गोल्ड मेडल अपने नाम करने वाली ईशा ने 40 हिट के स्कोर के साथ फाइनल में टॉप किया, वहीं चीन की झांग युएयुए दूसरे नंबर पर रहीं, जिन्होंने 37 हिट किए। मनु भाकर ने 28 के स्कोर के साथ खुद को तीसरे पायदान पर काबिज किया। इस तरह पोडियम पर 3 में से भारत की 2 खिलाड़ियों को जगह मिली।
यह सीजन में ईशा सिंह का वर्ल्ड कप का दूसरा गोल्ड मेडल रहा। इससे पहले उन्होंने मई के म्यूनिख वर्ल्ड कप में 25 मीटर पिस्टल इवेंट भी जीता था। ईशा ने म्यूनिख में 10 मीटर इवेंट में सिल्वर मेडल भी अपने नाम किया था।
मनु भाकर के लिए यह सीजन का पहला व्यक्तिगत मेडल रहा। इससे पहले उन्होंने म्यूनिख में 10 मीटर एयर पिस्टल टीम में मेडल जीता था। मनु भाकर ने 2024 ओलंपिक में 2 ब्रान्ज मेडल जीतकर सुर्खियां बटोरी थीं।
टीम इंडिया के पूर्व बल्लेबाज शिखर धवन ने ईशा सिंह और मनु भाकर को वर्ल्ड कप में मेडल जीतने पर बधाई दी। धवन ने सोशल मीडिया पर लिखा, "भारत के लिए एक और शानदार दिन!" धवन ने आगे लिखा, "ईशा सिंह को गोल्ड और मनु भाकर को ब्रॉन्ज जीतने पर बहुत-बहुत बधाई। वर्ल्ड कप में आप दोनों ने देश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया। ऐसे ही नए इतिहास रचते रहिए।"