निलंबन के बाद भी नहीं सुधरा! आगरा में जुए के फड़ पर कांस्टेबल रंगेहाथ गिरफ्तार, नकदी मिली
आगरा। पुलिस की वर्दी उतरी तो जुए की बिसात पर उतर आया! थाना सिकंदरा क्षेत्र के ककरैठा में चल रहे जुए के फड़ पर पुलिस ने रविवार देर रात छापा मारकर छह जुआरियों को गिरफ्तार किया, जिनमें एक चौंकाने वाला नाम शामिल था- निलंबित पुलिस कांस्टेबल विवेक कुमार।
डीसीपी के नेतृत्व में बड़ी कार्रवाई
डीसीपी सिटी सोनम कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर छापेमारी की। लंबे समय से शिकायत मिल रही थी कि ककरैठा में बड़े पैमाने पर जुआ चल रहा है। कार्रवाई के दौरान मौके से करीब 2 लाख रुपये नकद, कई मोबाइल फोन, और एक वाहन बरामद किया गया।
कांस्टेबल निकला जुआरी
पकड़े गए जुआरियों की जब पुलिस ने पूछताछ की तो हैरानी की बात सामने आई। गिरफ्तार लोगों में शामिल एक आरोपी विवेक कुमार दरअसल उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल निकला, जो अलीगढ़ में तैनात था और तीन महीने से निलंबन पर चल रहा था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार विवेक कुमार जुए की फड़ पर न सिर्फ शामिल था, बल्कि बड़ी रकम के दांव भी खेल रहा था। इससे पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया है।
जांच जारी, आपराधिक इतिहास खंगाले जा रहे
डीसीपी सोनम कुमार ने बताया कि पकड़े गए अन्य आरोपियों से भी पूछताछ की जा रही है और उनके आपराधिक इतिहास की जांच चल रही है। जुए का यह अड्डा लंबे समय से सक्रिय था, जिसे गोपनीय सूचना के आधार पर ध्वस्त किया गया है।