50 पार के हैं और भले ही स्वस्थ हैं, जांच जरूर कराते रहें
आगरा। श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी द्वारा खंदारी स्थित डॉ. एनएल पटनी डायलिसिस सेंटर पर बुधवार को आयोजित किए गए गुर्दा हाइपरटेंशन एवं किडनी से संबंधित रोगों के मुफ्त परामर्श शिविर में 24 गुर्दा रोगियों ने डाक्टर से परामर्श लिया।
-क्षेत्र बजाजा के शिविर में 24 गुर्दा रोगियों को दिया गया परामर्श
शिविर में 24 मरीजों ने परामर्श लिया। डॉ. वर्तुल गुप्ता (डीएम नेफ्रोलॉजी) ने मरीजों को निःशुल्क परामर्श दिया। इस मौके पर उन्होंने सलाह दी कि डायबिटीज रोगियों को अपनी नियमित जांच कराते रहना चाहिए। डायबिटीज, गलत खानपान, तनाव, शारीरिक परिश्रम न करने के कारण किडनी सम्बंधित रोग तेजी से बढ़ रहे हैं।
डॉ. गुप्ता ने सलाह दी कि स्वस्थ व्यक्ति को भी 50 साल की उम्र के बाद साल में एक बार अपनी जांच अवश्य करानी चाहिए।
प्रकल्प प्रभारी अजय गोयल ने बताया कि इस प्रकार का शिविर प्रत्येक माह के चौथे बुधवार को आयोजित किया जाता है। आज बीसवां शिविर था।
ज्ञातव्य है कि क्षेत्र बजाजा कमेटी 700 रुपये में डायलिसिस सेवा मुहैया करा रही है। शिविर में अध्यक्ष अनिल अग्रवाल, महासचिव राजीव अग्रवाल, नंद किशोर गोयल और डायलिसिस टेक्नीशियन चन्दर का सहयोग रहा।