आगरा के जनक पार्क में एक शाम बांके बिहारी के नाम : भजन संध्या में झूमे श्रद्धालु
आगरा। श्री महालक्ष्मी भक्तमंडल परिवार (रजि.) द्वारा कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर कमला नगर स्थित जनक पार्क में भव्य ‘एक शाम बांके बिहारी जी के नाम’ भजन संध्या का आयोजन हुआ। अलौकिक श्रृंगार, छप्पन भोग और भजनों की धुनों पर देर रात तक श्रद्धालु झूमते रहे।
कार्यक्रम का शुभारम्भ संस्थापक विकास मित्तल, संरक्षक आशीष सक्सेना, मोहन गर्ग और महामंत्री अतुल अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। मंगल आरती के साथ पार्क का वातावरण जय श्री राधे-कृष्ण के जयघोष से गूंज उठा।
गायक रामकुमार लक्खा की प्रस्तुति
टी-सीरीज के लोकप्रिय गायक रामकुमार लक्खा ने- श्याम के बिना तुम आधे राधे...., लिफाफा कान्हा का..., ए द्वारपालो मिलने दो..., और राधे मिलादे मोसे मदन मुरारी... जैसे भजनों से भक्तों को भावविभोर किया।
उनसे पहले सुप्रसिद्ध गायक राजू बाबरा ने- जब इंसान का बुरा वक्त आता है... और एक दिन बोले मदन मुरारी... जैसे भजनों से माहौल को भक्ति रस में डुबो दिया। वहीं भजन गायिका कोमल शर्मा ने फूलों में सज रहे हैं वृंदावन बिहारी... और वृंदावन के ओ बांके बिहारी हमसे पर्दा करो ना मुरारी... प्रस्तुत कर जनक पार्क में श्रद्धालुओं को देर रात तक रोके रखा।
गिर्राज शिला का महाअभिषेक
दोपहर में गोवर्धन स्थित दानघाटी मंदिर से लायी गई गिर्राज जी की शिला का भव्य महाअभिषेक हुआ। संयोजक अविनाश राणा ने बताया कि भक्तों की सुविधा के लिए 25 फुट ऊंचा दरबार सजाया गया और सात प्रवेश द्वार बनाए गए। भक्ति रस में डूबे श्रद्धालुओं ने वृंदावन बिहारी जी के श्रृंगार रूप के दर्शन कर धर्मलाभ प्राप्त किया।
फूलों की होली और इत्र वर्षा
समन्वयक नीरज वर्मा ने कहा कि भजन संध्या के दौरान फूलों की होली और इत्र वर्षा से पूरा वातावरण माधुर्य और आस्था से सराबोर हो गया। श्रद्धालुओं ने श्याम रसोई का प्रसाद ग्रहण कर आनंद लिया।
इस अवसर पर अविनाश राणा, नीरज वर्मा, अतुल अग्रवाल, अमित गुप्ता, अमित अग्रवाल, मोहन गर्ग, रीतेश गुप्ता, प्रदीप गोयल, हरीश पंजवानी, विकास अग्रवाल, संजीव गुप्ता, अनूप उपाध्याय, गौरव बंसल, करतार चंद्र शास्त्री, गीता वर्मा, नेहा राणा, ज्योति गुप्ता, पियूष, अंशुल, चिराग, संगीता, सपना, रीना, रेशू सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।