दक्ष प्रजापति जयंती पर सपा कार्यालय में कार्यक्रम, 2027 में सरकार बनाने का लिया संकल्प
आगरा में समाजवादी पार्टी महानगर कार्यालय पर महाराजा दक्ष प्रजापति की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में सामाजिक न्याय, समानता और एकजुटता का संदेश देते हुए प्रजापति समाज की राजनीतिक भागीदारी को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
आगरा। समाजवादी पार्टी महानगर कार्यालय, आगरा में महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास के नेतृत्व में महाराजा दक्ष प्रजापति की जयंती श्रद्धा, सम्मान और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ महाराजा दक्ष प्रजापति के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर प्रजापति समाज के लोगों, समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या मौजूद रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने कहा कि महाराजा दक्ष प्रजापति परिश्रम, संगठन, स्वाभिमान और सामाजिक समरसता के प्रतीक थे। उनके आदर्श आज भी सामाजिक न्याय, समानता और एकजुटता की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी महाराजा दक्ष प्रजापति के आदर्शों का अनुसरण करते हुए सभी समाजों के सम्मान, अधिकार और भागीदारी के लिए प्रतिबद्ध है। पार्टी प्रदेश में सामाजिक न्याय, भाईचारे और विकास की राजनीति को सभी वर्गों को साथ लेकर और अधिक मजबूत बनाने का कार्य करेगी।
उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक उन्नति तभी संभव है, जब प्रत्येक वर्ग को समान अवसर, सम्मान और राजनीतिक भागीदारी मिले। समाजवादी पार्टी इसी सोच के साथ निरंतर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने प्रजापति समाज की सामाजिक एवं राजनीतिक भागीदारी पर भी विस्तार से विचार रखे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में प्रजापति समाज की बड़ी आबादी है और प्रदेश की अनेक विधानसभा सीटों पर यह समाज निर्णायक भूमिका निभाता है। समाज की एकजुटता सामाजिक और राजनीतिक बदलाव की महत्वपूर्ण शक्ति है।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने सामाजिक एकता को मजबूत करने का संकल्प लेते हुए वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत से कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जसराना विधायक सचिन यादव तथा शिकोहाबाद के विधायक मुकेश वर्मा भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर राहुल चतुर्वेदी, ममता टपलू, बिनय अग्रवाल, रूपाली दीक्षित, प्रमोद यादव, रवि मेहरा, सुनेरी लाल गोला, पवन प्रजापति, डॉ. गोपाल प्रजापति, ग्रीष गोयल, मनोज गुप्ता, सोमेश गुप्ता, जमील ख़ान, भरत सिंह प्रजापति, कालीचरण प्रजापति, जमील सिद्दीकी, सतीश चहार, अमीर सिंह फौजदार, हसीन ख़ान और राजीव सविता सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता एवं प्रजापति समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।