आगरा के धनौली में 70 दलित परिवारों को बेदखली नोटिस, भय के साये में ग्रामीण
आगरा। आगरा के ग्राम धनौली में दलित समुदाय के लगभग 70 परिवारों को तहसीलदार सदर द्वारा बेदखली का नोटिस भेजे जाने से इन परिवारों के बीच भय का माहौल बन गया है। यह परिवार पिछले 50 वर्षों से इस क्षेत्र में निवास कर रहे हैं। इस मुद्दे पर पीड़ित परिवारों का एक प्रतिनिधिमंडल भाजपा नेता उपेन्द्र सिंह के नेतृत्व में आज जिलाधिकारी आगरा से मिला और अपनी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।
-भाजपा नेता उपेन्द्र सिंह ने जिलाधिकारी से की मुलाकात, डीएम ने दिया उचित समाधान का भरोसा
उपेन्द्र सिंह ने जिलाधिकारी को बताया कि अचानक से भेजे गए इन नोटिसों ने परिवारों में घबराहट पैदा कर दी है। इन परिवारों के जीवन में एक अनिश्चितता का माहौल उत्पन्न हो गया है। प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से पीड़ितों के मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की। साथ ही, सांसद राजकुमार चाहर ने भी फोन के माध्यम से पीड़ितों की मदद के लिए जिलाधिकारी से बात की।
इससे दो दिन पूर्व इन परिवारों ने उत्तर प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण से मिलकर अपनी समस्या साझा की थी। मंत्री ने भी प्रशासन से बात की और इन परिवारों की मदद का आश्वासन दिया था। जिलाधिकारी अरविन्द मलप्पा बंगारी ने मामले का उचित समाधान निकालने का आश्वासन दिया है।
प्रतिनिधिमंडल में लोकेश कुमार प्रधान प्रतिनिधि, भगवान सिंह, रूप किशोर, मनीष, रमेश जाटव आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।