50 किलोवाट तक बिजली कनेक्शन पर सुरक्षा एनओसी से राहत, बकायेदारों पर चलेगा ‘तकादा कॉलिंग’ अभियान

यूपीपीसीएल चेयरमैन डॉ. आशीष कुमार गोयल ने बरेली में बिजली आपूर्ति और बिलिंग व्यवस्था की समीक्षा करते हुए बताया कि 50 किलोवाट तक विद्युत सुरक्षा के लिए अब एनओसी की आवश्यकता नहीं होगी। राजस्व वसूली बढ़ाने के लिए बकायेदारों से संपर्क करने को ‘तकादा कॉलिंग’ अभियान चलाया जाएगा।

Aug 27, 2026 - 13:22
 0
50 किलोवाट तक बिजली कनेक्शन पर सुरक्षा एनओसी से राहत, बकायेदारों पर चलेगा ‘तकादा कॉलिंग’ अभियान
बरेली में बिजली आपूर्ति और बिलिंग व्यवस्था की समीक्षा करते यूपीसीसीएल के चेयरमैन आशीष कुमार गोयल।

-आरके सिंह-

बरेली। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) के चेयरमैन डॉ. आशीष कुमार गोयल ने बुधवार शाम कलेक्ट्रेट सभागार में बिजली आपूर्ति और बिलिंग व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उपभोक्ताओं को बड़ी राहत की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 50 किलोवाट तक विद्युत सुरक्षा के लिए अब एनओसी लेने की आवश्यकता नहीं होगी। उन्होंने कहा कि वर्टिकल व्यवस्था लागू होने से उपभोक्ताओं को काफी राहत मिली है और विद्युत व्यवस्था में सुधार के साथ औद्योगिक क्षेत्र को भी इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।

समीक्षा बैठक में चेयरमैन ने अधिकारियों को उपभोक्ता संतुष्टि और निर्बाध बिजली आपूर्ति को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए और बिजली व्यवस्था को अधिक विश्वसनीय बनाया जाए।

ट्रिपिंग और फाल्ट की शिकायतों का तत्काल हो निस्तारण

डॉ. आशीष कुमार गोयल ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली ट्रिपिंग, फाल्ट तथा खराब ट्रांसफार्मरों से संबंधित शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसी शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।

उन्होंने बिजली आपूर्ति की विश्वसनीयता बढ़ाने और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। शहरी क्षेत्रों में लाइन लॉस और राजस्व वसूली की स्थिति की भी समीक्षा की गई। चेयरमैन ने अधिकारियों से कहा कि उपभोक्ताओं से मिलने वाले फीडबैक को गंभीरता से लिया जाए और उसके आधार पर व्यवस्था में आवश्यक सुधार किए जाएं।

फोटो बिलिंग बढ़ाने और स्मार्ट मीटर व्यवस्था में पारदर्शिता के निर्देश

बिलिंग व्यवस्था में सुधार के लिए चेयरमैन ने फोटो बिलिंग का प्रतिशत बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्मार्ट मीटर वाले क्षेत्रों में पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया, ताकि उपभोक्ताओं को बिलिंग को लेकर किसी प्रकार की परेशानी न हो।

बिल से संबंधित शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए 1912 पोर्टल को प्रभावी बनाने तथा बिल सुधार शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि शिविरों में उपभोक्ताओं की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया जाए, जिससे उन्हें कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

बकायेदारों से वसूली के लिए चलेगा ‘तकादा कॉलिंग’ अभियान

राजस्व वसूली बढ़ाने के लिए चेयरमैन ने बकायेदार उपभोक्ताओं के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसके तहत ‘तकादा कॉलिंग’ अभियान चलाया जाएगा। बड़े बकायेदार उपभोक्ताओं से अधिकारी और कर्मचारी फोन के माध्यम से संपर्क कर विद्युत बिल का भुगतान करने के लिए आग्रह करेंगे।

उन्होंने वसूली अभियान की नियमित निगरानी करने के निर्देश देते हुए कहा कि राजस्व वसूली के साथ-साथ उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा उपलब्ध कराने पर भी बराबर ध्यान दिया जाए।

विद्युत कार्यालयों के जीर्णोद्धार पर भी जोर

चेयरमैन ने विद्युत कार्यालय परिसरों के जीर्णोद्धार के साथ बाउंड्री वॉल, सुरक्षा व्यवस्था और हरियाली बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से बिजली व्यवस्था में निरंतर सुधार करते हुए उपभोक्ताओं को बेहतर और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने की अपेक्षा की।

बैठक में मुख्य अभियंता अखिलेश कुमार सिंह, अधीक्षण अभियंता धर्मेंद्र सिंह और ललित कुमार, अधिशासी अभियंता अंकित गंगवार, सुरेश चंद, पवन वर्मा, मनोज कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

चेयरमैन डॉ. आशीष कुमार गोयल ने बरेली के अलावा बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर के अधिकारियों से भी बिजली आपूर्ति और राजस्व वसूली की स्थिति को लेकर फीडबैक लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को क्षेत्रवार समस्याओं की समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

SP_Singh AURGURU Editor