आगरा के इंडस्ट्रियल एरिया में केमिकल गोदाम में धमाका, चार लोग झुलसे, गेट बंद कर अंदर जाने पर रोक
आगरा। सिकंदरा क्षेत्र स्थित शास्त्रीपुरम इंडस्ट्रियल एरिया में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। साइट-सी में मौजूद जैन ट्रेडिंग कंपनी के केमिकल गोदाम में अचानक जोरदार धमाका होने से अफरा-तफरी मच गई। धमाका इतना तेज था कि आसपास के कई कर्मचारियों ने बाहर भागकर जान बचाई। घटना में चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिनका निजी अस्पताल में उपचार जारी है।

धमाके की वजह एक केमिकल ड्रम बताया जा रहा है, जिसमें कथित रूप से दूसरे केमिकल के मिलने से तीव्र रासायनिक प्रतिक्रिया हुई और ब्लास्ट हो गया। हादसे में गोदाम के कर्मचारी लाल सिंह, सोनू और मनोज गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा नगर निगम के ड्राइवर राजेश कुमार, जो केमिकल लेने पहुंचे थे, वे भी इसकी चपेट में आ गए।
घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को गेटवैल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे के बाद गोदाम मालिक ने गेट बंद कर अंदर किसी को भी प्रवेश नहीं करने दिया, जिससे लोगों में संदेह और चिंता बढ़ गई है।
अस्पताल प्रशासन ने हादसे की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद सिकंदरा पुलिस मौके पर पहुंची। वर्तमान में पुलिस गोदाम मालिक और कर्मचारियों से पूछताछ कर यह जानने का प्रयास कर रही है कि आखिर सुरक्षा मानकों में इतनी बड़ी चूक कैसे हुई। पुलिस गोदाम में मौजूद अन्य केमिकल्स की जानकारी जुटा रही है ताकि किसी और दुर्घटना को रोका जा सके।
स्थानीय लोगों ने बताया कि गोदाम में पहले भी सुरक्षा मानकों की अनदेखी देखी गई है, लेकिन इस स्तर पर हादसा पहली बार सामने आया है। पुलिस और फायर विभाग की संयुक्त टीम भी मौके पर पहुंच चुकी है और प्राथमिक जांच जारी है।