आगरा की जैन पायल के नाम पर पंजाब में नकली माल की बिक्री, लुधियाना से 10 किलो माल सीज़

आगरा। आगरा के ब्रांड जैन पायल के नाम से पंजाब में बड़े पैमाने पर नकली पायलों का कारोबार चल रहा है। यह ब्रांड आगरा के कटरा इतवारी खां, नाई की मंडी स्थित जैन आभूषण भंडार का है। दिल्ली की तीस हज़ारी कोर्ट के आदेश पर आज लुधियाना सर्राफ़ा बाज़ार में चांदी की डुप्लीकेट ज्वेलरी पर बड़ी कार्रवाई हुई। कोर्ट द्वारा नियुक्त लोकल कमिश्नर ने पंजाब पुलिस की मौजूदगी में दो ज्वेलर्स की दुकानों पर छापेमारी कर लगभग 10 किलो ज्वेलरी को सीज़ किया। इससे पहले भी पंजाब के दो शहरों में जैन पायल के नाम से बेची जा रही चांदी की नकली ज्वेलरी जब्त की जा चुकी ह।

Aug 23, 2025 - 19:42
 0
आगरा की जैन पायल के नाम पर पंजाब में नकली माल की बिक्री, लुधियाना से 10 किलो माल सीज़
पंजाब के लुधियाना में जैन पायल के नाम पर बेचे जा रहे नकली माल को जब्त करती पुलिस।

यह नकली ज्वेलरी जैन पायल के नाम से बेची जा रही थी, जबकि असल में दुकानदार इसे “X जैन पायल” नाम से मार्केट में उतार रहे थे। कंपनी की शिकायत और कोर्ट के आदेश पर यह कार्रवाई की गई।

इससे पहले भी 16 अगस्त को जैन पायल ब्रांड की नकली ज्वेलरी पर छापे मारे गए थे। पंजाब के खन्ना में 50 किलो और जालंधर में 30 किलो नकली माल सीज़ किया गया था। यह सभी सामान कोर्ट के आदेशानुसार ज़ब्त कर लिया गया।

कंपनी ने साफ कर दिया है कि जैन पायल कॉपीराइट और ट्रेडमार्क एक्ट के अंतर्गत एक रजिस्टर्ड ब्रांड है। किसी भी ज्वेलर को इस नाम या लोगो का इस्तेमाल कर नकली चेन, ब्रेसलेट या अन्य चांदी की ज्वेलरी बेचने की अनुमति नहीं है। बावजूद इसके पंजाब के कई शहरों और उत्तर भारत के अन्य इलाकों में जैन पायल के नाम से नकली ज्वेलरी बेची जा रही है।

कंपनी के एजेंट्स ने इन तमाम गतिविधियों की पूरी जानकारी इकट्ठा कर ली है और कोर्ट के आदेश पर लगातार छापेमार कार्रवाई जारी रहेगी। कंपनी ने चेतावनी दी है कि नकली जैन पायल प्रोडक्ट बेचने वाले ज्वेलर्स को न केवल माल ज़ब्त होने का नुकसान उठाना पड़ेगा बल्कि कड़ी कानूनी कार्रवाई और जेल की सज़ा भी भुगतनी पड़ सकती है।

लुधियाना की इस कार्रवाई का नेतृत्व तीस हज़ारी कोर्ट से नियुक्त लोकल कमिश्नर शुभांकर एडवोकेट, शोभराज और एडवोकेट गिनी ने किया। ज़ब्त की गई नकली ज्वेलरी को सील कर कोर्ट में जमा कर दिया गया है।

SP_Singh AURGURU Editor