ब्रांडेड कंपनियों के नकली प्रोडक्ट बने रहे थे आगरा में, पुलिस ने किया खुलासा
आगरा। ऐसा लगता है कि आगरा नकली माल बनाने वालों का अड्डा बन चुका है। शायद ही कोई महीना गुजरता होगा, जब कोई नामचीन प्रोडक्ट नकली बनाने वाले न पकड़े जाते हों। पिछले महीने नकली देशी घी का मामला उजागर हुआ था। लोग इसे भुला भी नहीं पाए थे कि अब टाटा नमक, सर्फ एक्सेल, एमडीएच के मसाले, गोल्ड फ्लेक सिगरेट, पतंजलि का दंतकांति टूथफेस्ट, मैगी पाउडर और फिविक्विक जैसे नामचीन ब्रांडों का नकली माल तैयार करने वाले नक्काल का खुलासा हुआ है।
-जगदीशपुरा पुलिस ने अवधपुरी के मकान में चल रही फैक्ट्री से भारी मात्रा में नकली प्रोडक्ट और मशीनें जब्त कीं, आरोपी जितेंद्र गिरफ्तार
थाना जगदीशपुरा पुलिस ने अवधपुरी के एक मकान में छापा मारने के बाद ये सारे नकली माल को तैयार करने वाले अड्डे का भंडाफोड़ किया। इस मकान में नकली माल बनाने की पूरी फैक्ट्री ही चल रही थी। इस गोरखधंधे को दौलतपुर, धनौली का जितेंद्र राठौर चला रहा था। पुलिस ने मकान में संचालित नकली फैक्ट्री से कई पैकिंग मशीनें, बोरी को सिलने वाली मशीन, सर्फ एक्सेल के साढ़े चार हजार से अधिक पैकेट, 55 बोरी नकली टाटा नमक, टाटा नमक के हजारों खाली पैकेट, सिलाई में प्रयुक्त होने वाले धागे आदि समेत भारी मात्रा में अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस ने आरोपी जितेंद्र को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उसने बताया कि वह सालों से इस गोरखधंधे में है। नकली माल को राजस्थान के कई जिलों में सप्लाई करता था। पुलिस ने बताया कि संबंधित कंपनियों की ओर से इस बारे में पुलिस को सूचनाएं दी गई थीं। जगदीशपुरा पुलिस की छापामार कार्रवाई में एसटीएफ भी शामिल थी।