फर्रुखाबाद में फरीदाबाद के कारोबारी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, काशी विश्वनाथ के दर्शन कर लौटते समय रास्ते में परिवार के सामने बरसाईं गोलियां; हमलावर फरार

फर्रुखाबाद। फर्रुखाबाद जिले के कादरी गेट थाना क्षेत्र के पंचाल घाट इलाके में सोमवार को दिनदहाड़े एक कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात उस समय हुई जब हरियाणा के फरीदाबाद निवासी कारोबारी अरुण हुड्डा अपने परिवार के साथ वाराणसी (बनारस) से दर्शन कर लौट रहे थे। परिवार के सामने हुई इस सनसनीखेज घटना से इलाके में दहशत फैल गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हमलावरों की तलाश की जा रही है।

Jul 27, 2026 - 12:50
Jul 27, 2026 - 12:54
 0
फर्रुखाबाद में फरीदाबाद के कारोबारी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, काशी विश्वनाथ के दर्शन कर लौटते समय रास्ते में परिवार के सामने बरसाईं गोलियां; हमलावर फरार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अरुण हुड्डा अपने परिवार के साथ गंगा एक्सप्रेसवे से उतरकर फर्रुखाबाद के रास्ते आगरा की ओर जा रहे थे। फर्रुखाबाद के पंचाल घाट क्षेत्र में रास्ते में एक दुकान पर सामान लेने के लिए उन्होंने कार रोकी। इसी दौरान कार सवार बदमाश वहां पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

गोलीबारी में अरुण हुड्डा गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। परिवार के सामने हुई इस हत्या से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने पहले से ही मृतक की रेकी की थी और सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा हमलावरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

इस सनसनीखेज हत्या के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। परिवार के सामने हुई इस वारदात ने कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।

SP_Singh AURGURU Editor