फरीदपुर के विधायक को अंतिम विदाई: मुख्यमंत्री योगी ने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर दी श्रद्धांजलि
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं फरीदपुर सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र से विधायक प्रोफेसर डॉ. श्याम बिहारी लाल के आकस्मिक निधन से राजनीतिक और सामाजिक जगत में गहरा शोक व्याप्त है। शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बरेली पहुंचे और दिवंगत विधायक के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और इस असमय निधन को पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
-रमेश कुमार सिंह-
बरेली। बरेली जनपद के फरीदपुर सुरक्षित निर्वाचन क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के विधायक प्रोफेसर डॉ. श्याम बिहारी लाल के आकस्मिक निधन के बाद शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बरेली पहुंचे। मुख्यमंत्री शहर की शक्तिनगर कॉलोनी स्थित विधायक के आवास पर पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत विधायक के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने दिवंगत विधायक की पत्नी, बेटियों और बेटे से मिलकर इस दुख की घड़ी में धैर्य रखने का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रोफेसर डॉ. श्याम बिहारी लाल का निधन न केवल उनके परिवार, बल्कि फरीदपुर क्षेत्र और भाजपा संगठन के लिए भी अपूरणीय क्षति है।
मुख्यमंत्री करीब 15 मिनट तक आवास पर रुके। इसके बाद वे लखनऊ के लिए रवाना हो गए। इस दौरान क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों की बड़ी संख्या मौजूद रही।
गौरतलब है कि शुक्रवार को प्रोफेसर डॉ. श्याम बिहारी लाल बरेली के सर्किट हाउस में आयोजित पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह की बैठक में शामिल होने पहुंचे थे। बैठक समाप्त होने के बाद भोजन के दौरान उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। मौके पर तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई गई, लेकिन करीब एक घंटे बाद उनका निधन हो गया। चिकित्सकों ने उनकी मृत्यु का कारण हृदयाघात बताया है।
विधायक के आकस्मिक निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। राजनीतिक दलों से जुड़े नेताओं के साथ-साथ आमजन भी उन्हें एक सरल, सहज, मिलनसार और जनसेवा के प्रति समर्पित जनप्रतिनिधि के रूप में याद कर रहे हैं। उनके अंतिम दर्शन के लिए शनिवार को आवास पर लोगों का लगातार तांता लगा रहा।
दिवंगत विधायक का अंतिम संस्कार शनिवार दोपहर में फरीदपुर के स्टेशन रोड स्थित श्मशान भूमि पर किया जाएगा। वन राज्यमंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने विधायक प्रो. लाल के निधन को भाजपा संगठन और जनता, दोनों के लिए एक बड़ी क्षति बताया है।