किसान अब मिलेट्स की खेती की और अग्रसर: कृषि उत्पादन आयुक्त
आगरा। आगरा, अलीगढ़ और बरेली मण्डल में सबसे ज्यादा प्रगतिशील किसान हैं। वहीं आगरा में रबी की फसल में सबसे ज्यादा खास आलू है, जिसकी मांग देश-विदेशों तक होती है। यह कहना है कृषि उत्पादन आयुक्त मोनिका एस गर्ग का।
वह आज आगरा, अलीगढ़ और बरेली मंडल की आयोजित रबी गोष्ठी में आईं हुई थीं। उन्होंने कहा कि उन्हें यह जानकर प्रसन्नता हुई कि यहां के प्रगतिशील किसान अब मिलेट्स कृषि की ओर आगे बढ़ रहे हैं।
उन्होंने किसानों से कहा कि आपको यह प्रयास करना है कि फसल का ज्यादा से ज्यादा मूल्य आपको मिले, जिससे आपकी आय में वृद्धि हो। इसके लिए अच्छी गुणवत्ता और विभिन्न किस्मों की फसल के साथ यह भी जानें कि उगाये गयी फसलों से बाजार में कितने तरह के उत्पाद बनाये जा रहे हैं। इसके लिए सरकार द्वारा फूड प्रोसेसिंग से संबंधित कई योजनाएं चलायीं जा रही हैं। किसानों को इस योजना में सब्सिडी का लाभ भी दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि शासन द्वारा उन्नत कृषि, सिंचाई, जल संरक्षण तथा आधुनिक कृषि क्षेत्र में कई योजनाओं में किसानों को सब्सिडी से लाभान्वित किया जा रहा है।
कृषि उत्पादन आयुक्त ने कहा कि सरकार ने किसानों की दुगुनी आय का जो लक्ष्य निर्धारित कर रखा है, यह तभी संभव है जब किसान कृषि करने के तौर तरीके में बदलाव लाये।