सिर पर मूंग रख कलेक्ट्रेट पहुंचे किसान, डीएम के आदेश पर शुरू हुई खरीद, प्रदर्शन के बाद बनी बात
आगरा। किरावली तहसील क्षेत्र के सैकड़ों किसानों ने शुक्रवार को सिर पर मूंग रखकर कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर अपनी उपज की अविलंब खरीद की मांग उठाई। किसानों ने मूंग खरीद जरूरी है, किसान की नहीं सुनी तो कुर्सी खाली होगी जैसे नारे लगाते हुए ट्रैक्टरों में भरकर कलेक्ट्रेट पहुंचकर विरोध जताया। जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी ने तुरंत संज्ञान लेते हुए मूंग खरीद शुरू कराने के निर्देश दिए।
प्रशासन की ओर से सिटी मजिस्ट्रेट वेद सिंह चौहान, एआर कोआपरेटिव विमल कुमार एवं तहसीलदार किरावली दीपांकुर को फतेहपुर सीकरी खरीद केंद्र भेजा गया। आनन-फानन में फतेहपुर सीकरी मंडी परिसर में खरीद शुरू कराई गई। प्रारंभिक तौर पर आधा दर्जन किसानों से लगभग 80 से 100 क्विंटल मूंग की खरीद की गई।
बताया गया कि जिले में किरावली की फतेहपुर सीकरी मंडी एवं एत्मादपुर तहसील की शाहदरा अनाज मंडी को मूंग खरीद केंद्र के रूप में अधिसूचित किया गया है, किंतु खरीद प्रक्रिया प्रारंभ न होने से किसान हताश थे।
किसान मजदूर नेता चौधरी दिलीप सिंह ने कहा कि सरकारी खरीद केंद्र समय पर न खुलने से किसान मजबूरन निजी व्यापारियों को 6000 से 6500 रुपये प्रति क्विंटल पर मूंग बेच रहे हैं, जबकि केंद्र सरकार ने 2025-26 के लिए मूंग का समर्थन मूल्य 8682 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। इस हिसाब से किसानों को 2000 से 2500 रुपये प्रति क्विंटल तक का नुकसान हो रहा है।
किसानों ने बताया कि खरीफ फसलों की बुवाई और घरेलू जरूरतों को देखते हुए मूंग बेचना जरूरी है, लेकिन सरकारी सुस्ती के कारण उन्हें औने-पौने दामों पर उपज बेचना पड़ रही है।
प्रदर्शन में भाकियू धीरज के अध्यक्ष धीरज सिकरवार, प्रदीप शर्मा, सोबरन सिंह चाहर, राजकुमार चौधरी, रुपेश खिरवार, बलुआ, भगवान सिंह बघेल, जितेंद्र चौधरी, रणजीत सिंह, सोनू चौधरी, बलबीर सिंह, शशिदत्त शर्मा, दाताराम लोधी, केशव बघेल, रतन सिंह कुशवाह, जयपाल सिंह, राज किशोर और रमन कुमार सहित अनेक किसान शामिल रहे।
Bottom of Form