नगर निगम में एंट्री के लिए 50 रुपये मांगने पर भड़के किसान, तेज धूप में परिसर में धरने पर बैठ गये श्याम सिंह चाहर, अधिकारी के माफी मांगने पर खत्म हुआ विरोध
आगरा। नगर निगम परिसर में एंट्री के नाम पर 50 रुपये की वसूली का मामला सामने आने के बाद बुधवार को बखेड़ा हुआ। कुछ किसान नगर निगम परिसर स्थित भूमि अध्याप्ति कार्यालय जा रहे थे। नगर निगम गेट से एंट्री करते ही उनसे जबरन 50 रुपये की वसूली की कोशिश की गई। इस घटना से नाराज होकर किसा नेता श्याम सिंह चाहर निगम गेट के अंदर ही सड़क पर धरना पर बैठ गये, जिससे ठेकेदार और उसके कर्मचारी घबरा उठे। बाद में ठेकेदार और एक अधिकारी ने माफी मांगकर मामले को शांत किया।
50 रुपये की वसूली पर भड़का विवाद
जानकारी के अनुसार किसान गोपाल शर्मा नगर निगम परिसर स्थित भूमि अध्याप्ति अधिकारी के कार्यालय में किसी कार्य से अपने साथियों के साथ जा रहे थे। नगर निगम के गेट पर कुछ लोगों ने किसान नेता के एक साथी की मोटरसाइकिल रोककर 50 रुपये की मांग की। साथी द्वारा मना करने पर विवाद बढ़ गया।
गोपाल शर्मा ने इस मामले की सूचना फोन पर किसान नेता श्याम सिंह चाहर को दी। सूचना मिलते ही श्याम सिंह चाहर मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। इस तरह की जबरन वसूली से आक्रोशित होकर नगर निगम गेट के अंदर सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। चिलचिलाती धूप में यह धरना दोपहर करीब 1 बजे से 1:30 बजे तक चला। किसान नेता श्याम सिंह चाहर, गोपाल शर्मा, लक्ष्मीनारायण बघेल और सत्यवीर भी उनके साथ थे। तेज धूप के बीच हुए इस विरोध ने मौके पर मौजूद लोगों का ध्यान खींच लिया।
माफी के बाद खत्म हुआ धरना
करीब 30 मिनट तक चले धरने के बाद संबंधित ठेकेदार अपने कुछ साथियों और एक अधिकारी के साथ मौके पर पहुंचा और किसान नेताओं से माफी मांगी। इसके बाद ही धरना समाप्त किया गया।
किसान नेता श्याम सिंह चाहर ने चेतावनी दी कि इस पूरे मामले की शिकायत सीएम योगी आदित्यनाथ के नाम से जिलाधिकारी को दी जाएगी और इसकी जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में किसी किसान से इस तरह की वसूली की गई तो इसका कड़ा विरोध किया जाएगा।
बताया गया कि नगर निगम परिसर में स्थित भूमि अध्याप्ति कार्यालय में आने वाले किसानों से इस तरह की वसूली की शिकायतें मिल रही हैं। किसान नेताओं ने साफ कहा कि अब किसी भी किसान से पैसा मांगा गया तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।