आगरा में ढाबे पर खूनी वारदात, सीने में गोली मारकर युवक की हत्या,आरोपी की तलाश जारी

आगरा के सदर बाजार थाना क्षेत्र के सेवला स्थित महेश ढाबे पर शुक्रवार देर रात फायरिंग में करीब 40 वर्षीय बिट्टू लवानिया की मौत हो गई। परिजनों ने मधुनगर निवासी जैकी चौधरी पर विवाद के बाद सीने में गोली मारने का आरोप लगाया है। घायल बिट्टू को एसएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्य जुटाते हुए आरोपी की तलाश कर रही है। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।

Oct 10, 2026 - 12:45
 0
आगरा में ढाबे पर खूनी वारदात, सीने में गोली मारकर युवक की हत्या,आरोपी की तलाश जारी
मृतक बिट्टू लावनिया

सेवला स्थित महेश ढाबे पर परिचितों के बीच विवाद के बाद चली गोली, एसएन में उपचार के दौरान तोड़ा दम, परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने की तैयारी

आगरा। ताजनगरी आगरा में शुक्रवार देर रात गोली मारकर एक युवक की हत्या किए जाने से सनसनी फैल गई। सदर बाजार थाना क्षेत्र के सेवला स्थित महेश ढाबे पर परिचितों के बीच विवाद के बाद फायरिंग की गई। गोली लगने से करीब 40 वर्षीय बिट्टू लवानिया गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल एसएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है।

मृतक बिट्टू लवानिया राजकीय शिक्षक संघ के नेता जय गोविंद लवानिया के भतीजे बताए गए हैं। परिजनों के मुताबिक, बिट्टू ढाबे पर काम करते थे। शुक्रवार रात वह सेवला क्षेत्र में अपने दोस्त रवि और दो अन्य लोगों के साथ ऑटो में बैठे हुए थे। इसी दौरान मधुनगर निवासी जैकी चौधरी अपने एक साथी के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि किसी पुरानी रंजिश या विवाद के चलते जैकी ने बिट्टू के सीने में पिस्टल से गोली मार दी।

सीने में गोली लगते ही मची अफरा-तफरी

अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गोली लगने से बिट्टू लहूलुहान होकर गिर पड़े। उनके साथ मौजूद दोस्तों ने तत्काल परिजनों और पुलिस को घटना की सूचना दी। घायल बिट्टू को बिना देर किए एसएन मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। बिट्टू की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद क्षेत्र में भी दहशत का माहौल बन गया।

विवाद के बाद फायरिंग करने का आरोप

परिजनों का आरोप है कि बिट्टू और जैकी चौधरी के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते आरोपी ने अपने साथी के साथ पहुंचकर बिट्टू को गोली मार दी। गोली चलाने के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गया। परिजनों ने यह भी बताया कि आरोपी जैकी का भाई पुलिस विभाग में कार्यरत है। हालांकि, घटना में आरोपी की भूमिका और विवाद के कारणों की पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

वारदात की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल से संबंधित साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस ढाबे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि घटना के क्रम और आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाया जा सके। मौके पर मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस आरोपी जैकी चौधरी की तलाश में जुटी है। वहीं, परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और बयान के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

शिक्षक नेता के परिवार में मातम

बिट्टू लवानिया की हत्या से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके पिता राम प्रताप लवानिया सेना से सेवानिवृत्त हैं, जबकि उनके बड़े भाई जीआईसी में शिक्षक हैं। परिवार के सदस्य घटना से सदमे में हैं और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस के सामने आरोपी को पकड़ने के साथ-साथ हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट करने की चुनौती है। सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।