"एक पेड़ माँ के नाम" से गूंजा फतेहाबाद, सांसद राजकुमार चाहर ने किया पौधारोपण

विश्व पर्यावरण दिवस पर फतेहाबाद ब्लॉक परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित। "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत वृक्षारोपण किया गया। सांसद राजकुमार चाहर ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। सिंगल यूज़ प्लास्टिक के विरोध में प्रतीकात्मक प्लास्टिक शवयात्रा निकाली गई। लोगों को प्लास्टिक मुक्त समाज और हरित पर्यावरण के लिए जागरूक किया गया। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कार्यकर्ता और नागरिक मौजूद रहे।

Jun 5, 2026 - 18:24
 0
"एक पेड़ माँ के नाम" से गूंजा फतेहाबाद, सांसद राजकुमार चाहर ने किया पौधारोपण
पौधारोपण करते सांसद राजकुमार चाहर व अन्य भाजपा कार्यकर्ता।

विश्व पर्यावरण दिवस पर प्लास्टिक की शवयात्रा निकाल लिया हरियाली और स्वच्छता का संकल्प, सिंगल यूज़ प्लास्टिक के खिलाफ जागरूकता अभियान

आगरा/फतेहाबाद । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर फतेहाबाद ब्लॉक परिसर में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को समर्पित एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत पौधारोपण किया गया, वहीं सिंगल यूज़ प्लास्टिक के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने के लिए प्रतीकात्मक प्लास्टिक शवयात्रा भी निकाली गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं फतेहपुर सीकरी सांसद राजकुमार चाहर ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है।

सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल का संकल्प भी लेना चाहिए। उन्होंने बताया कि "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति और मातृ सम्मान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का एक भावनात्मक प्रयास भी है।

कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण प्लास्टिक की शवयात्रा रही। इस अनूठी पहल के माध्यम से लोगों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। वक्ताओं ने कहा कि प्लास्टिक प्रदूषण आज पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा बन चुका है और इसके उपयोग को कम करना समय की मांग है। लोगों से कपड़े और जूट के थैलों का उपयोग बढ़ाने तथा प्लास्टिक मुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने की अपील की गई।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री रामसकल गुर्जर, पूर्व विधायक जितेंद्र वर्मा, नितिन वर्मा, राजेश कुशवाहा, मंडल अध्यक्ष योगेश चौहान, नगर अध्यक्ष अंकित गुप्ता, उपजिलाधिकारी स्वाति सिंह, खंड विकास अधिकारी रजत कुशवाहा, सचिन गोयल, निक्की पाराशर, नितिन गुप्ता, वीरू सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी देखभाल करने और सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग को त्यागकर स्वच्छ एवं हरित भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।