आगरा में फतेहाबाद रोड को मिलेगी मल्टीलेवल पार्किंग, बिचपुरी-बोदला रोड से हटेगा अतिक्रमण

आगरा। शहर के प्रमुख मार्गों की जाम और अतिक्रमण समस्या को खत्म करने की दिशा में प्रशासन ने ठोस कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई मंडलीय उद्योग बंधु समिति की बैठक में फतेहाबाद रोड पर मल्टीलेवल पार्किंग निर्माण और बिचपुरी-बोदला रोड से अतिक्रमण हटाने की कार्ययोजना तय की गई।

Jun 23, 2025 - 20:51
 0
आगरा में फतेहाबाद रोड को मिलेगी मल्टीलेवल पार्किंग, बिचपुरी-बोदला रोड से हटेगा अतिक्रमण
सोमवार को मंडलीय उद्योग बंधु की बैठक में मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह। मौजूद हैं उद्यमी व अन्य अधिकारी।  

-मंडलीय उद्योग बंधु समिति की बैठक में मंडलायुक्त ने दिए कई सख्त और विकासपरक निर्देश

मंडलायुक्त ने नगर निगम और आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) को निर्देश दिए कि फतेहाबाद रोड पर बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए सरकारी भूमि को चिन्हित कर जल्द से जल्द मल्टीलेवल पार्किंग की योजना बनाई जाए। उन्होंने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, इन्फ्रास्ट्रक्चर प्लानिंग, ट्रैफिक, शहरी विकास और अतिक्रमण जैसे विषयों पर विशेष जोर दिया।

औद्योगिक क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश

यूपीसीडा को आदेश दिया गया कि वह अपने अधीनस्थ औद्योगिक क्षेत्रों में सफाई, कूड़ा निस्तारण और नियमित निगरानी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की सफाई लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज और रेलवे अड़चनों पर सख्त रुख

सिकंदरा स्थित यूपीएसआईडीसी क्षेत्र में पूर्व निर्मित स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज में जलनिकासी की समस्या को लेकर मंडलायुक्त ने रेलवे, एडीए और नगर निगम के बीच संयुक्त बैठक बुलाकर समाधान निकालने को कहा। उन्होंने यह भी तय किया कि हरीपर्वत से सेंट जोन्स चौक के मध्य रेलवे लाइन पर सड़क चौड़ीकरण कार्य मेट्रो परियोजना के पूरा होने के बाद ही होगा।

संपत्ति कर वसूली में उत्पीड़न नहीं चलेगा

नगर निगम द्वारा भेजे गए संपत्ति कर नोटिस और आपत्तियों के समाधान को लेकर मंडलायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि व्यापारियों का उत्पीड़न न हो। यूपीसीडा को व्यापारियों के हित को ध्यान में रखते हुए पारदर्शी व्यवस्था लागू करने को कहा।

फाउंड्री नगर पार्क व सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव फिर भेजें

फाउंड्री नगर में पार्क के लिए छोड़ी गई भूमि पर सौंदर्यीकरण के प्रस्ताव को लेकर मंडलायुक्त ने यूपीसीडा को अनुस्मारक पत्र भेजने को कहा, क्योंकि पूर्व में भेजे पत्र का कोई जवाब नहीं मिला।

बिचपुरी-बोदला रोड से हटेंगे अतिक्रमण

हर शुक्रवार को लगने वाले अवैध बाजार के कारण बिचपुरी-बोदला रोड पर उत्पन्न अव्यवस्था को लेकर नगर निगम को सख्त निर्देश दिए गए कि पुलिस की सहायता से अतिक्रमण हटाया जाए। साथ ही, नाले की एंड टू एंड सफाई कराई जाए, बंद पड़ी लाइटों को ठीक किया जाए और बंदरों के उत्पात पर नियंत्रण के लिए त्वरित कार्यवाही की जाए।

संजय प्लेस में भी जल्द हल होगी पार्किंग समस्या

संजय प्लेस में व्यापारियों की पार्किंग समस्या को दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को व्यापारियों के साथ बैठक कर व्यवहारिक समाधान निकालने के निर्देश भी बैठक में दिए गए।

SP_Singh AURGURU Editor