दीपोत्सवः कल धनतेरस के लिए आगरा के बाजार सज-धज कर तैयार, भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद
आगरा। पांच दिवसीय दीपोत्सव कल (18 अक्तूबर) से प्रारंभ है। दीपोत्सव के पहले दिन धनतेरस है। धनतेरस को लेकर शहर के बाजारों और शोरूमों में उत्सव की रौनक चरम पर है। ज्वेलरी शोरूम्स, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स, फर्नीचर और वाहनों तक हर सेक्टर में ग्राहकों की भीड़ उमड़ने वाली है। दुकानदारों ने अपनी दुकानों को सजाया हुआ है। रंग-बिरंगी रोशनी से बाजार और शोरूम जगमगा रहे हैं, जबकि आकर्षक ऑफर और छूट ने खरीदारों को उत्साहित कर रखा है। व्यापारियों का मानना है कि कोरोना के बाद लगातार दो साल अच्छे कारोबार के बाद इस बार तीसरे साल रिकॉर्ड बिक्री की उम्मीद है।
सोना-चांदी कारोबारियों में विशेष उत्साह
धनतेरस पर सोना-चांदी की खरीदारी को शुभ माना जाता है। सुभाष बाजार, किनारी बाजार, राजामंडी और संजय प्लेस स्थित ज्वेलरी शोरूमों में नए डिज़ाइन और आकर्षक कलेक्शन पेश किये गये हैं।
सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष नितेश अग्रवाल का कहना है कि इस साल हल्के वजन के गहनों के साथ पारंपरिक कुंदन और पोल्की ज्वेलरी की खास डिमांड है। सोने की कीमतों में स्थिरता से बिक्री में भी तेजी आने की उम्मीद है।
बर्तन और होम अप्लायंसेस की दुकानों पर भीड़
बर्तन और पूजा सामग्री की खरीदारी के लिए राजामंडी, शाहगंज और बेलनगंज में ग्राहकों की अच्छी-खासी भीड़ धनतेरस के दिन उमड़ने की उम्मीद कारोबारी लगाए हुए हैं। स्टील, तांबे, पीतल और कांसे के बर्तन, थाली, किचन सेट और पूजा सामग्री हर बजट के अनुसार उपलब्ध हैं।
इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम में मिक्सर, कुकर, फ्रिज, टीवी और एसी पर कैशबैक और फेस्टिव डिस्काउंट की पेशकश ग्राहकों को आकर्षित कर रही है।
ऑटोमोबाइल सेक्टर में उत्सव की रफ्तार
धनतेरस पर वाहन को घर लाना भी शुभ माना जाता है। फतेहाबाद रोड और बाईपास रोड स्थित टू-व्हीलर और फोर-व्हीलर शोरूमों में बुकिंग का सिलसिला तो पहले से ही चला आ रहा था। कल बड़ी संख्या में लोग अपनी गाड़ियों की डिलीवरी लेंगे। डीलरों का कहना है कि कई मॉडल की प्री-बुकिंग पहले से हो चुकी है और कुछ डिलीवरी धनतेरस पर ही दी जाएगी। ग्राहकों को आकर्षक फाइनेंस स्कीम, मुफ्त एक्सेसरीज और 0% ब्याज का विकल्प दिया जा रहा है।
रिटेल और ऑनलाइन बाजार भी सजग
शू मार्केट, कपड़ा बाजार और मॉल्स में सजावट और ऑफर्स की भरमार है। ड्राय फ्रूट्स, मिठाई पैकिंग, गिफ्ट आइटम्स और चॉकलेट हैंपर भी खूब बिक रहे हैं।
ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म जैसे आमेज़न, फ्लिपकार्ट और मीशो पर भी आगरा के ग्राहक आकर्षक ऑफर का लाभ उठा रहे हैं।
व्यापारी उम्मीदों के साथ तैयार
आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल के अनुसार, इस बार धनतेरस पर बिक्री 15–20% तक बढ़ने की उम्मीद है। ग्राहक त्योहार के लिए पूरी तरह तैयार हैं। अगर मौसम थोड़ा ठंडा हुआ, तो बाजार और ज्यादा गुलजार होंगे।
सुरक्षा और ट्रैफिक नियंत्रण
धनतेरस पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए हुए हैं। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और ट्रैफिक डायवर्जन पहले ही लागू हो चुका है।
उत्सव का माहौल
बाजारों में उमंग, दुकानदारों में जोश और ग्राहकों में उत्साह, ये सब मिलकर धनतेरस 2025 को आगरा के लिए एक भव्य आर्थिक और सांस्कृतिक उत्सव बनाने जा रहे हैं। शहर के व्यापारी और ग्राहक दोनों मानते हैं कि इस बार का धनतेरस सोने पर सुहागा साबित होगा।