ताज महोत्सव स्थल पर सजेगा प्रकृति का उत्सव, फरवरी में होगी मंडलीय फल-शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी
आगरा। आगरा में प्रकृति, हरियाली और उद्यान संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंडलीय फल-शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी 2026 का आयोजन आगामी 20, 21 और 22 फरवरी को किया जाएगा। इस संबंध में आज मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में लघु सभागार में उद्यान विकास समिति की अहम बैठक आयोजित हुई, जिसमें आयोजन की विस्तृत कार्ययोजना पर मुहर लगी।
21 से 23 फरवरी 2026 तक तीन दिवसीय भव्य आयोजन, बच्चों से लेकर फाइव स्टार होटल तक दिखाएंगे हुनर
आगरा। आगरा में प्रकृति, हरियाली और उद्यान संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंडलीय फल-शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी 2026 का आयोजन आगामी 20, 21 और 22 फरवरी को किया जाएगा। इस संबंध में आज मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में लघु सभागार में उद्यान विकास समिति की अहम बैठक आयोजित हुई, जिसमें आयोजन की विस्तृत कार्ययोजना पर मुहर लगी।
बैठक में समिति द्वारा प्रस्ताव रखा गया कि इस वर्ष प्रदर्शनी का आयोजन ताज महोत्सव स्थल पर किया जाए, जिससे अधिक से अधिक लोग इस आयोजन का आनंद उठा सकें। इस प्रस्ताव पर सहमति जताते हुए मंडलायुक्त ने उद्यान अधीक्षक को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आय-व्यय संतुलन पर विशेष जोर
समिति सचिव द्वारा विगत वर्ष आयोजित प्रदर्शनी की रिपोर्ट प्रस्तुत की गई, जिसमें बताया गया कि पिछले आयोजन में आय की तुलना में लगभग 31 लाख रुपये अधिक व्यय हुआ था। इस पर मंडलायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि इस बार विभिन्न विभागों, संस्थाओं और संगठनों से प्राप्त अंशदान में करीब 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी सुनिश्चित की जाए, ताकि आयोजन आर्थिक रूप से संतुलित और सफल हो सके।
थीम बेस्ड पुष्प सज्जा और प्रतियोगिताएं
बैठक में यह भी तय किया गया कि इस वर्ष प्रदर्शनी की थीम जल्द निर्धारित की जाएगी। विगत वर्षों की भांति इस बार भी विभिन्न श्रेणियों में प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। थीम आधारित आकृतियों को रंग-बिरंगे फूलों से सजाया जाएगा, जो दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
प्रदर्शनी में सरकारी व निजी संस्थाओं, उद्यान विभाग, कृषि संगठनों के साथ-साथ तीन सितारा से लेकर पांच सितारा होटल भी भाग लेंगे, जहां वे अपनी सृजनात्मक पुष्प सज्जा और बागवानी कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
तकनीकी सत्र, कार्यशाला और बच्चों की भागीदारी
तीन दिवसीय आयोजन के दौरान तकनीकी सत्र और कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें मंडल की जलवायु के अनुसार फल, फूल और सब्जियों की उन्नत खेती की तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही प्रदर्शनी अवसर पर एक उद्यान स्मारिका का भी प्रकाशन किया जाएगा।
बच्चों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए फोटोग्राफी, पेंटिंग सहित विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा। दर्शकों की सुविधा के लिए सुरक्षा, पार्किंग, पेयजल और जलपान की समुचित व्यवस्था होगी। चाय-कॉफी के साथ-साथ विभिन्न व्यंजनों और फास्ट फूड की स्टॉल भी लगाई जाएंगी।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में उद्यान अधीक्षक रजनीश पाण्डेय, उप नगर आयुक्त सरिता सिंह, आवास विकास के मुख्य अभियंता संजीव कुमार, समिति सदस्य केसी जैन, राजेश कुमार, केएस गुजराल सहित अन्य अधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।