आगरा के अकोला में कल खेल प्रतिभाओं का महोत्सव, सांसद खेल स्पर्धा–2025 का भव्य समापन
आगरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र में आयोजित चतुर्थ सांसद खेल स्पर्धा–2025 का भव्य समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह कल मिनी स्टेडियम, अकोला (चाहरवाटी अकोला) में गरिमामय वातावरण में संपन्न होगा। यह आयोजन खेल प्रतिभाओं के सम्मान और युवाओं के उत्साहवर्धन का प्रतीक बनेगा।
मिनी स्टेडियम, चाहरवाटी अकोला बनेगा खेल गौरव का केंद्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे खिलाड़ियों को वर्चुअल संबोधन
विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर किया जाएगा सम्मानित
आगरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र में आयोजित चतुर्थ सांसद खेल स्पर्धा–2025 का भव्य समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह कल मिनी स्टेडियम, अकोला (चाहरवाटी अकोला) में गरिमामय वातावरण में संपन्न होगा। यह आयोजन खेल प्रतिभाओं के सम्मान और युवाओं के उत्साहवर्धन का प्रतीक बनेगा।
समापन समारोह के दौरान विभिन्न खेलों के फाइनल मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद जिले भर से चयनित खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। समारोह में बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेल प्रेमी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति अपेक्षित है, जिससे आयोजन और भी भव्य रूप लेगा।
युवाओं को खेलों से जोड़ने की पहल
फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर ने बताया कि सांसद खेल स्पर्धा का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं को खेलों से जोड़ना, उनकी छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, अनुशासन और खेल भावना को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास करते हैं, बल्कि चरित्र निर्माण और नेतृत्व क्षमता भी विकसित करते हैं।
प्रधानमंत्री का वर्चुअल संबोधन बनेगा आकर्षण
सांसद राजकुमार चाहर ने जानकारी दी कि कल प्रातः 10:00 बजे समापन समारोह के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सांसद खेल स्पर्धा–2025 से जुड़े देशभर के खिलाड़ियों को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री का यह प्रेरक संबोधन खिलाड़ियों के लिए ऊर्जा और आत्मविश्वास का स्रोत बनेगा।
चाहरवाटी अकोला में उत्सव जैसा माहौल
समापन समारोह को लेकर चाहरवाटी अकोला में विशेष उत्साह और उमंग का वातावरण है। जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों से खिलाड़ी, प्रशिक्षक और खेल प्रेमी इस ऐतिहासिक आयोजन के साक्षी बनने के लिए एकत्रित हो रहे हैं। आयोजन स्थल पर सुरक्षा, व्यवस्थाओं और स्वागत की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
सांसद खेल स्पर्धा–2025 का यह समापन समारोह न केवल विजेता खिलाड़ियों के सम्मान का अवसर होगा, बल्कि क्षेत्र में खेल संस्कृति को नई दिशा और ऊर्जा देने का भी कार्य करेगा।