अटल उद्यान में शब्दों का महोत्सव: 10 और 11 फरवरी को ब्रज धरा साहित्य उत्सव में मुखर होगी कला, संस्कृति और विमर्श की चेतना

आगरा। साहित्य, कला और संस्कृति की समृद्ध परंपरा को एक नया मंच देने के उद्देश्य से धरा चेतना फाउंडेशन द्वारा डॉ. विजय किशोर बंसल के सहयोग से ब्रज धरा साहित्य उत्सव का प्रथम आयोजन आगामी 10 एवं 11 फरवरी 2026 को अटल उद्यान (आई लव आगरा सेल्फी प्वाइंट) में किया जा रहा है। दो दिवसीय इस साहित्यिक आयोजन में समाज, शिक्षा, स्वास्थ्य, रंगमंच, सिनेमा और पत्रकारिता जैसे विविध विषयों पर विशेषज्ञ वक्ताओं द्वारा विचार-विमर्श किया जाएगा, वहीं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और कला प्रदर्शनी के माध्यम से ब्रज की सांस्कृतिक चेतना को भी सशक्त रूप से प्रस्तुत किया जाएगा।

Feb 8, 2026 - 20:26
 0
अटल उद्यान में शब्दों का महोत्सव: 10 और 11 फरवरी को ब्रज धरा साहित्य उत्सव में मुखर होगी कला, संस्कृति और विमर्श की चेतना
अटल उद्यान में 10 और 11 फरवरी को हो जा रहे ब्रज धरा साहित्य उत्सव के बारे में जानकारी देते आयोजन सचिव अक्षय प्रताप सिंह और अन्य।

इस आयोजन की जानकारी धरा चेतना फाउंडेशन की अध्यक्ष दीपाली सिंह ने रविवार, 8 फरवरी 2026 को होटल ग्रांड में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान दी। इस अवसर पर उत्सव के मुख्य संरक्षक शेखर दीक्षित, डॉ. गिरधर शर्मा, बॉलीवुड गीतकार सुरेंद्र साथी एवं आयोजन समिति के सदस्यों द्वारा उत्सव का पोस्टर विमोचन किया गया।
पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में समन्वयक डॉ. महेश धाकड़, सचिव अक्षय प्रताप सिंह, कार्यक्रम प्रभारी गति सिंह एवं सहयोगी कृतिका कोरंगा भी उपस्थित रहीं।

आगरा की साहित्यिक विरासत को मिलेगा नया आयाम

देश के प्रतिष्ठित साहित्यकार यतीन्द्र मिश्र ने अपने संदेश में कहा कि आगरा जैसे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक नगर में ब्रज धरा साहित्य उत्सव का आयोजन एक सार्थक और रचनात्मक पहल है, जिससे रचनाधर्मी लोगों के साथ-साथ साहित्य प्रेमियों को भी समृद्ध अनुभव मिलेगा।
मुख्य संरक्षक शेखर दीक्षित ने कहा कि यह आयोजन आगरा की साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का प्रयास है, जिसमें स्थापित साहित्यकारों के साथ नई पीढ़ी के रचनाकारों को भी मंच दिया जा रहा है।

सचिव अक्षय प्रताप सिंह ने बताया कि उत्सव का उद्घाटन समारोह 10 फरवरी को दोपहर 2 बजे होगा। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. गिरधर शर्मा एवं विशिष्ट अतिथि डॉ. नवीन गुप्ता होंगे।

प्रथम दिवस के सत्र (10 फरवरी 2026)

प्रथम सत्र: ब्रज भाषा के विविध आयाम। संयोजक – राज बहादुर राज। वक्ता – डॉ. ब्रज बिहारी लाल बिरजू, डॉ. कमलेश नागर, डॉ. शशि तिवारी, शीलेंद्र वशिष्ठ।

द्वितीय सत्र: ब्रज की पत्रकारिता का साहित्य में योगदान। संयोजक – डॉ. महेश धाकड़।
वक्ता – दिनेश संन्यासी, बचन सिंह सिकरवार, डॉ. गिरजा शंकर शर्मा, आदर्श नंदन गुप्त।

तृतीय सत्र: दस्तक (युवा रचनाकारों का सत्र)। संयोजक – कुमार ललित। वक्ता – समायरा विजय गुप्ता, वैभवी मिश्रा, शांभवी नगायच, श्वेता सागर।

द्वितीय दिवस के सत्र (11 फरवरी 2026)

चतुर्थ सत्र (प्रातः 11 बजे): साहित्य संस्कृति में शैक्षिक संस्थानों का योगदान। संयोजक – डॉ. शांतनु साहू। वक्ता – प्रो. जय सिंह नीरद, डॉ. गिरधर शर्मा, डॉ. सुशील गुप्ता विभव।

पंचम सत्र (दोपहर 12 बजे): नारी लेखन : अनुभव से अभिव्यक्ति तक। संयोजक – डॉ. मधु भारद्वाज। वक्ता – डॉ. सुषमा गुप्ता, राशि गर्ग, डॉ. शशि गुप्ता।

षष्ठम सत्र: साहित्य, रंगमंच और सिनेमा : शब्द से मंच और पर्दे तक। संयोजक – डॉ. महेश धाकड़। विशिष्ट वक्ता – पद्मश्री बलवंत ठाकुर। अन्य वक्ता – सुरेन्द्र साथी, अनिल शुक्ल, दिलीप रघुवंशी, ऋतुराज त्रिपाठी।

सप्तम सत्र: साहित्य और स्वास्थ्य का अंतर्संबंध। संयोजक – डॉ. पंकज नगायच। वक्ता – डॉ. नवीन गुप्ता, डॉ. अशोक विज, डॉ. मुनीश्वर गुप्ता।

सम्मान और सांस्कृतिक संध्या

कार्यक्रम प्रबंधक गति सिंह ने बताया कि उत्सव का समापन रंगारंग सांस्कृतिक संध्या के साथ होगा, जिसमें पारंपरिक गीत-संगीत, नृत्य एवं फ्यूजन प्रस्तुतियां होंगी।
11 फरवरी को शाम 7 बजे आयोजित समापन समारोह में गीतकार सोम ठाकुर को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही 11 अन्य साहित्य सेवियों को विभिन्न सम्मानों से अलंकृत किया जाएगा।

सम्मानित होने वाली प्रमुख विभूतियां

गीत गौरव सम्मान – रामेंद्र मोहन त्रिपाठी, ग़ज़ल गरिमा सम्मान – अशोक रावत, डॉ. त्रिमोहन तरल, सुधीर नारायण, साहित्य साधक सम्मान – शीलेंद्र कुमार वशिष्ठ, साहित्य गौरव सम्मान – प्रो. जय सिंह नीरद, योगेश चंद्र शर्मा ‘योगी’, साहित्य गरिमा सम्मान – डॉ. कुसुम चतुर्वेदी, डॉ. ज्योत्सना शर्मा, साहित्य सेवा सम्मान – आचार्य नीरज शास्त्री, रेनु अंशुल।

SP_Singh AURGURU Editor