दशलक्षण महापर्व में पांचवें दिन आगरा के श्रद्धालुओं ने किया उत्तम सत्य धर्म का पालन
आगरा। दशलक्षण महापर्व के पांचवें दिन सोमवार को नगर के जैन मंदिरों में उत्तम सत्य धर्म बड़े हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने पूजन, अभिषेक और धार्मिक प्रवचनों के बीच सत्य की महिमा का स्मरण करते हुए असत्य और मिथ्यात्व से दूर रहने का संकल्प लिया। शहरभर के जैन समाज के लोगों ने आस्था और उत्साह के साथ धर्मपर्व में भागीदारी की।
कलाकुंज जैन मंदिर में उत्सवमय माहौल
मारुति एस्टेट स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर कलाकुंज में सोमवार को उत्तम सत्य धर्म का पालन श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया।
सुबह श्रीजी के अभिषेक और शांतिधारा से दिन की शुरुआत हुई। पंडित आदि जैन शास्त्री के निर्देशन में भक्तों ने अष्ट द्रव्यों के साथ पूजन किया। उन्होंने प्रवचन में बताया कि सत्य का अर्थ है, जो जैसा है वैसा ही कहना, कपट और असत्य से दूर रहना तथा आत्मा के कल्याण के लिए शुद्ध वाणी का प्रयोग करना।
इस अवसर पर स्वीटी जैन ने अंताक्षरी प्रतियोगिता का आयोजन किया। मीडिया प्रभारी शुभम जैन ने जानकारी दी कि 2 सितंबर को मंदिर प्रांगण में वर्धमान युवा मंडल द्वारा पोस्टर बनाओ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम में राजीव जैन, अजय जैन, मुकेश जैन, आदित्य जैन भगत, संयम जैन, रश्मि जैन सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
जयपुर हाउस जैन मंदिर में हुई प्रभु आराधना
श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर, जयपुर हाउस में भी दशलक्षण महापर्व के पांचवें दिन उत्तम सत्य धर्म का आयोजन किया गया।
मथुरा चौरासी से आए पंडित ने प्रभु की आराधना कराते हुए श्रद्धालुओं को सत्य धर्म का पालन कराया। उन्होंने प्रवचन में कहा कि सत्य ही धर्म का आधार है और असत्य से सदैव बचना चाहिए।
इस अवसर पर अध्यक्ष राकेश जैन पर्देवाले, दीपक जैन, सुबोध पाटनी, विनोद रावका, अजय जैन, नीरज बॉबी, मंजीत जैन, राहुल जैन, अमित सेठिया, मनोज जलेसर, राजीव जैन, विक्रम चंद जैन सहित समस्त जयपुर हाउस जैन समाज के लोग मौजूद रहे।