रिश्तों में विश्वासघात को दिखाती फिल्म 'दिल बेवफा' का आगरा में प्रीमियर
आगरा। अफलातून आगरा फाउंडेशन के बैनर तले बनी हिंदी फिल्म 'दिल बेवफा' का प्रीमियर होटल लेमन ट्री में आयोजित हुआ। फिल्म का निर्देशन, पटकथा और संवाद लेखन राजकुमार उप्पल ने किया है।
फिल्म में प्रमुख भूमिका अजय शर्मा और संध्या सिंह ने निभाई है, जिनके अभिनय को दर्शकों ने खूब सराहा। खलनायक का किरदार गोपाल सिंह और इंस्पेक्टर का किरदार रंजीत चौधरी ने दर्शकों को अंत तक बांधकर रखा।
प्रीमियर शो में शामिल शिक्षाविद एवं समाजसेवी डॉ. राहुल राज ने फिल्म को आज के सामाजिक हालातों से जुड़ा हुआ बताया और आगरा में ऐसे सार्थक फिल्म निर्माण को सराहनीय पहल कहा।
राजकुमार उप्पल ने बताया कि करीब 40 मिनट की फिल्म में आधुनिक रिश्तों में बढ़ते विश्वासघात और फरेब को सशक्त ढंग से प्रस्तुत किया गया है। निर्माता एवं मुख्य अभिनेता अजय शर्मा ने कहा कि फिल्म की शूटिंग आगरा और दिल्ली-एनसीआर में हुई और शहर के नए कलाकारों को अवसर प्रदान किया गया। फिल्म जल्द ही ओटीटी प्लेटफॉर्म्स और सोशल साइट्स पर रिलीज होगी।
अन्य भूमिकाओं में बृजेश शर्मा, अविनाश वर्मा, राहुल तिवारी, पल्लवी महाजन, कंवलजीत कौर, राधिका सिंह टंडन, बुलबुल उप्पल, अर्चना सिंह, अविनाश कुलश्रेष्ठ, बाल कलाकार सात्विक मेहरा और हर्षवर्धन शामिल हैं। क्रियेटिव डायरेक्टर अविनाश वर्मा, को-प्रोड्यूसर हिमांशु उप्पल, एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर रंजीत चौधरी, संगीतकार दीपक जैन और सिनेमाटोग्राफी दुर्गेश शर्मा की है।