धर्म से ऊपर इंसानियत का संदेश देगी फिल्म ‘कफन’, आगरा में फिल्म का मुहूर्त शॊट, चार दोस्तों की कहानी दिखाएगी समाज को आईना
आगरा के जयपुर हाउस स्थित रामलीला पार्क में एक ऐसी शॉर्ट फिल्म का शुभारंभ हुआ, जो धर्म और भेदभाव की दीवारों को तोड़कर इंसानियत का सबसे बड़ा संदेश देने का दावा करती है। ‘कफन’ नामक यह फिल्म चार दोस्तों की सच्ची कहानी के माध्यम से समाज को झकझोरने का प्रयास करेगी।
आगरा। जयपुर हाउस स्थित रामलीला पार्क में आरए मूवीज के बैनर तले बन रही शॉर्ट फिल्म ‘कफन’ का शुभ मुहूर्त विधिवत रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र प्रचार प्रमुख (उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड) कृपाशंकर द्वारा गणेश पूजन, फ्लैप क्लैप और श्रीफल फोड़कर किया गया।
इस अवसर पर कृपाशंकर ने कहा कि यदि समाज के लोग बिना किसी भेदभाव के मिलजुल कर रहें, तो धरती को स्वर्ग बनाया जा सकता है। उन्होंने इंसानियत को हर व्यक्ति का सर्वोच्च धर्म बताते हुए कहा कि ऐसी फिल्में समाज को दिशा देने का कार्य करती हैं।
फिल्म के निर्माता रंजीत सामा ने बताया कि ‘कफन’ चार ऐसे दोस्तों की कहानी है, जो अलग-अलग धर्मों से हैं, लेकिन उनकी दोस्ती और इंसानियत उन्हें एक सूत्र में बांधती है। यह चारों दोस्त प्रतिदिन पार्क में मिलते हैं, अपने सुख-दुख साझा करते हैं और विभिन्न सामाजिक विषयों पर चर्चा करते हैं।
फिल्म की कहानी में डॉ. वसुन्धरा का पात्र एक महत्वपूर्ण मोड़ लाता है, जो चारों दोस्तों को आत्मचिंतन के लिए प्रेरित करता है। वह यह संदेश देती हैं कि जब प्रकृति ने कभी भेदभाव नहीं किया, तो मनुष्य क्यों धर्म के नाम पर विभाजन करता है।
फिल्म का संदेश स्पष्ट है- अंत में हर इंसान का अंतिम सत्य ‘कफन’ है, जिसका रंग सफेद होता है और जो सभी को समान रूप से ढंकता है।
फिल्म के निर्माता रंजीत सामा एवं विजय सामा हैं, सह-निर्माता संजय दुबे, कहानी राहुल गुप्ता की है, जबकि निर्देशन हेमंत कुमार वर्मा ने किया है। सह-निर्माता अनिल लाल अरोड़ा हैं।
फिल्म में उमाशंकर मिश्रा, संजय दुबे, शकील खान और मुकेश नेचुरल चार दोस्तों की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि डॉ. वसुन्धरा के किरदार में सोमा जैन नजर आएंगी।
कार्यक्रम में संस्कार भारती के संरक्षक बांकेलाल, ब्रज प्रांत के प्रांत प्रचार प्रमुख कीर्ति, एमएलसी विजय शिवहरे, गोपाल गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया, बाबू भाई, संजय गोयल, मयंक जैन, संजय जटाना, अजय शर्मा, महेश धाकड़, सूरज तिवारी, अवधेश रावत, गिर्राज बंसल, अरविंद शर्मा, राजेंद्र, नीरज तिवारी, रितेश, मेकअप मैन रोहित डंडौतिया, जय गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।