फैशन का फिल्मी अंदाज़, बॉलीवुड बीट्स ने आगरा में मचाई धूम, रीवा की शोस्टॉपर वॉक ने जीता दिल
आगरा। शहर में रविवार रात ग्लैमर और संस्कृति का अनोखा संगम देखने को मिला, जब होटल क्लार्क्स शिराज में फैशन का फिल्मी अंदाज़ – बॉलीवुड बीट्स थीम पर आधारित भव्य कल्चरल फैशन शो का आयोजन हुआ। इस रंगारंग कार्यक्रम में बॉलीवुड अभिनेत्री रीवा अरोरा ने शोस्टॉपर के रूप में रैंप पर वॉक कर दर्शकों का दिल जीत लिया, वहीं देश के अलग-अलग शहरों से आई मॉडल्स और स्थानीय कलाकारों ने पारंपरिक परिधानों में भारतीय संस्कृति और आधुनिकता का मनमोहक मिलन प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बीना लवानिया, साक्षी निझावन, डॉ. पंकज महेन्द्रु, डॉ. रेनुका डंग और डॉ. निखिल चतुर्वेदी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। बॉलीवुड अभिनेत्री रीवा अरोरा की मौजूदगी इस शो की सबसे बड़ी खासियत रही। उन्होंने शोस्टॉपर वॉक कर जहां दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया, वहीं नारी सशक्तिकरण सम्मान के तहत साक्षी निझावन को सम्मानित भी किया।
रीवा अरोरा ने अपने संबोधन में कहा कि आगरा की सरज़मीं पर रैंप वॉक करना मेरे लिए बेहद खास अनुभव है। यहां परंपरा और आधुनिकता का अद्भुत मेल देखने को मिला, जो भारतीय परिधानों की खूबसूरती और स्थानीय संस्कृति को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इस मंच से नए मॉडल्स को अपने सपनों को साकार करने का अवसर मिल रहा है।
दिल्ली, मुंबई, नोएडा, चंडीगढ़ और बैंगलोर जैसे महानगरों से आई मॉडल्स ने जब पारंपरिक परिधानों में कैटवॉक किया तो मंच भारतीय संस्कृति, परंपरा और ग्लैमर से जगमगा उठा।
बॉलीवुड बीट्स प्राइड अवार्ड के निदेशक अमितश्री यादव ने बताया कि शो में प्रतिभा दिखाने वाले मॉडल्स को भविष्य में म्यूजिकल वीडियो एल्बम और अन्य प्रोजेक्ट्स में अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही ब्रज भाषा में बॉलीवुड फिल्म का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे स्थानीय कलाकारों को मंच मिलेगा और ब्रज की संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी।
समिति सदस्य अमित खत्री ने कहा कि इस शो का उद्देश्य केवल फैशन प्रस्तुत करना नहीं, बल्कि स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर देकर उनकी कला को निखारना भी है। आयोजन समिति में निदेशक अमितश्री यादव, नरैन बहरानी (मोना), रोहित जैन, राजीव कुमार गुप्ता, अर्पण सिंह, गौरव वर्मा, मनोज गुप्ता, आदित्य द्विवेदी, देव शरण आर्य, अमित खत्री और कीर्ति शर्मा शामिल रहे।