बरेली जंक्शन पर मालगाड़ी के डिब्बे में लगी आग: धुएं से भर गया स्टेशन, हड़कंप मचा
बरेली रेलवे जंक्शन के पास शनिवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब मुरादाबाद से महाराष्ट्र जा रही एक मालगाड़ी के डिब्बे से अचानक धुआं उठने लगा। स्टेशन परिसर कुछ ही मिनटों में धुएं से भर गया और यात्रियों के साथ रेलवे कर्मचारियों में भी दहशत फैल गई। स्टेशन प्रशासन की सतर्कता और फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से आग पर नियंत्रण पा लिया गया।
-आरके सिंह-
बरेली। शनिवार सुबह बरेली रेलवे जंक्शन के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मुरादाबाद की ओर से महाराष्ट्र जा रही एक मालगाड़ी के डिब्बे से अचानक धुआं निकलने लगा। यह घटना स्टेशन के नजदीक ही हुई, जिससे प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्री और रेलवे कर्मचारी हड़बड़ाकर इधर-उधर भागने लगे। मौके पर धुआं फैलते ही ट्रेन संचालन पर भी असर पड़ा।
सूचना मिलते ही जीआरपी थाना प्रभारी सुशील कुमार वर्मा पुलिस बल के साथ और आरपीएफ के जवान घटनास्थल पर पहुंच गए। वहीं, अग्निशमन विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया।
स्टेशन मास्टर ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सुरक्षा के मद्देनज़र प्रभावित डिब्बे को बाकी मालगाड़ी से अलग करने के निर्देश दिए। तकनीकी टीम और रेलवे स्टाफ ने मिलकर डिब्बे को अलग करने और नियंत्रित करने के बाद उसे सुरक्षित स्थान पर खड़ा किया।
लीडिंग फायरमैन उदित राज ने बताया कि सुबह सूचना मिली कि मालगाड़ी के एक डिब्बे में आग लग गई है। मौके पर पहुंचने पर डिब्बे में पेंट और अन्य सामान मिला, जिससे आग भड़कने का खतरा था। हालांकि आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन कारणों की जांच कराई जा रही है।
जीआरपी थाना प्रभारी सुशील कुमार वर्मा ने बताया कि घटना के बाद पूरे रेल परिसर की सुरक्षा जांच की गई। कुछ देर के लिए ट्रेन संचालन प्रभावित हुआ, लेकिन स्थिति सामान्य होने के बाद पुनः शुरू हुआ। उन्होंने यात्रियों से अफवाहों पर ध्यान न देने और रेलवे की ओर से जारी सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की।