बरेली में अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर पर तड़ातड़ फायरिंग, गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने ली जिम्मेदारी

बरेली में बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी के पैतृक घर के बाहर आज रात हुई ताबड़तोड़ फायरिंग ने पूरे शहर को दहला दिया। कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने इस हमले की जिम्मेदारी सोशल मीडिया पर लेते हुए पाटनी परिवार को जान से मारने तक की धमकी दी है। वारदात के वक्त घर के अंदर दिशा पाटनी के पिता और रिटायर्ड डीएसपी जगदीश सिंह पाटनी, मां और बहन मौजूद थीं। फिलहाल पूरा परिवार सुरक्षा घेरे में है और पुलिस ने मामले की जांच के लिए पांच टीमें गठित कर दी हैं।

Sep 12, 2025 - 22:16
 0
बरेली में अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर पर तड़ातड़ फायरिंग, गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने ली जिम्मेदारी
अभिनेत्री दिशा पाटनी का बरेली स्थित घर, जहां शुक्रवार रात फायरिंग की घटना हुई।

-आरके सिंह-

बरेली। सिविल लाइंस इलाके के विला नंबर 40 स्थित दिशा पाटनी के पैतृक घर के बाहर शुक्रवार रात अचानक गोलियों की गड़गड़ाहट से अफरा-तफरी मच गई। गोलियों की आवाज सुनकर मोहल्ले में दहशत फैल गई। घर के बाहर से कई खाली कारतूस बरामद हुए हैं।

घटना के समय घर के अंदर दिशा पाटनी के पिता जगदीश सिंह पाटनी (रिटायर्ड डीएसपी), मां और उनकी बहन खुशबू पाटनी मौजूद थीं। फायरिंग के बाद परिवार गहरे सदमे में है और सुरक्षा घेरे में घर के अंदर ही कैद हो गया।

गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने दी धमकी

फायरिंग के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर गोल्डी बराड़ का एक धमकी भरा पोस्ट वायरल हुआ। उसमें लिखा गया कि यह हमला संत प्रेमानंद महाराज और अनिरुद्धाचार्य पर की गई टिप्पणी के विरोध में कराया गया है। पोस्ट में कहा गया कि यह तो सिर्फ ट्रेलर है। अगली बार जान से मार देंगे। इसमें खुशबू पाटनी और दिशा पाटनी को सीधे तौर पर धमकी दी गई और कई गैंगस्टरों को टैग भी किया गया।

पुलिस-प्रशासन की त्वरित कार्रवाई

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। घर के बाहर से बरामद खोखों को जब्त कर लिया गया। क्राइम ब्रांच को जांच सौंपी गई है। गोल्डी बराड़ के नेटवर्क को लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है और पांच पुलिस टीमों को इस पूरे मामले की गहन पड़ताल सौंपी गई है।

एसएसपी ने बताया कि पाटनी परिवार को तत्काल पुलिस सुरक्षा दी गई है। एसपी सिटी, एसपी क्राइम और एसपी ट्रैफिक को अलर्ट मोड पर रखा गया है। मोहल्ले में भारी पुलिस बल तैनात है और किसी भी संदिग्ध को अंदर-बाहर जाने की इजाजत नहीं दी जा रही है।

फिल्म इंडस्ट्री में खलबली

दिशा पाटनी फिल्म इंडस्ट्री की चर्चित अभिनेत्री हैं। जैसे ही उनके घर पर फायरिंग की खबर सोशल मीडिया और न्यूज चैनलों पर वायरल हुई, मुंबई फिल्म जगत में खलबली मच गई। इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने इसे गंभीर चिंता का विषय बताया और सरकार से तुरंत कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पुलिस जांच जारी है और प्रशासन ने दावा किया है कि इस हमले में शामिल आरोपियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।

SP_Singh AURGURU Editor