कैला महारानी सेवा उत्सव के प्रथम दिवस पर दिखा भक्ति, जागरण और समर्पण का संगम
आगरा/करौली। राजराजेश्वरी कैला देवी ट्रस्ट आश्रम, करौली में भारत विकास परिषद अमृतम शाखा, आगरा द्वारा पहली बार आयोजित कैला महारानी सेवा उत्सव का प्रथम दिवस सोमवार को श्रद्धा, आस्था और भक्ति के अलौकिक वातावरण में संपन्न हुआ। आश्रम परिसर दिनभर जय कैला मैया के जयघोषों से गूंजता रहा। मेहंदी, भजन, जागरण और भक्ति गीतों के माध्यम से श्रद्धालुओं ने मां कैला मैया के चरणों में अपनी आस्था और समर्पण अर्पित किया।
सेवा उत्सव के प्रथम दिवस का शुभारंभ छड़ी पूजन के साथ हुआ। इसके उपरांत आयोजित माता की मेहंदी कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक मां कैला मैया को मेहंदी अर्पित की। इस पावन अवसर पर उपस्थित सभी सदस्यों ने अपने हाथों में माता के नाम की मेहंदी लगवाई और सनातन आस्था के प्रति अपनी भावनाओं को अभिव्यक्त किया।
इसके पश्चात सितारों और सुंदर कढ़ाई से सुसज्जित लाल रंग की भव्य पोशाक मां कैला मैया को अर्पित की गई। सायंकाल आयोजित भव्य देवी जागरण में भक्ति रस से ओतप्रोत भेंटों और भजनों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। जागरण के दौरान शाखा अध्यक्ष कुलभूषण गुप्ता ‘राम भाई’ ने भी माता की भेंट प्रस्तुत कीं.
सचिव राजीव गोयल और कोषाध्यक्ष मयंक जैन ने जानकारी दी कि सेवा उत्सव के द्वितीय दिवस मंगलवार को देहरी पूजन, छप्पन भोग अर्पण, हवन, ध्वज यात्रा, कन्या पूजन तथा प्रसादी भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में संस्थापक संरक्षक उमेश बाबू अग्रवाल, आर.एस. गुप्ता, विजय अग्रवाल, नितेश अग्रवाल, श्रीनाथ गुप्ता, लव कुश मिश्रा, उपाध्यक्ष महिला प्रभारी रेखा राज अग्रवाल, अलका गुप्ता, प्रीति गोयल, साक्षी जैन, ज्योति मोहन, पारुल जिंदल, गौरव संचित बिंदल, अजय आंजना, विकास शिवहरे, सपना गोयल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।