एलएलएम प्रथम वर्ष की पहली मेरिट जारी, 14 सितंबर को प्रवेश—अनुपस्थित रहे तो मौका खत्म हो जाएगा
आगरा। आगरा कॉलेज में एलएलएम प्रथम वर्ष में प्रवेश की पहली मेरिट सूची जारी कर दी गई है। वर्गवार कट-ऑफ के आधार पर ओपन वर्ग में 85.71, ओबीसी में 81.05, एससी में 77.39, एसटी में 72.39, ईडब्ल्यूएस में 82.00 और दिव्यांग वर्ग में 64.36 मेरिट निर्धारित हुई है। पहली सूची में चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन और प्रवेश की प्रक्रिया 14 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक विधि संकाय के सेमिनार हॉल में होगी। निर्धारित तिथि पर अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों का प्रवेश का दावा स्वीकार नहीं किया जाएगा।
14 सितंबर को ही पूरा करना होगा प्रवेश
आगरा कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने बताया कि सत्र 2026-27 में एलएलएम प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए प्रथम मेरिट सूची जारी कर दी गई है। चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि और समय पर उपस्थित होकर दस्तावेज सत्यापन के साथ प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
विधि संकाय के विभागाध्यक्ष प्रो. डी.सी. मिश्रा ने कहा कि प्रथम मेरिट सूची में स्थान प्राप्त सभी अभ्यर्थी 14 सितंबर को निर्धारित समय पर विधि संकाय में उपस्थित होकर अपने दस्तावेजों का सत्यापन कराएं और प्रवेश संबंधी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित तिथि पर अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों के प्रवेश का दावा स्वीकार नहीं किया जाएगा और उनका प्रवेश का अवसर समाप्त माना जाएगा।
मूल दस्तावेज और प्रतियां साथ लाना अनिवार्य
विधि संकाय के प्रो. गौरव कौशिक ने अभ्यर्थियों से सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय से पहुंचने की अपील की। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों को हाईस्कूल, इंटरमीडिएट और स्नातक की अंकतालिकाएं, जाति प्रमाण-पत्र, निवास प्रमाण-पत्र, समर्थ वेब पंजीकरण, स्थानांतरण/माइग्रेशन प्रमाण-पत्र, चरित्र प्रमाण-पत्र, कॉलेज ऑनलाइन आवेदन पत्र और शुल्क रसीद साथ लानी होगी। सभी आवश्यक मूल दस्तावेजों के साथ उनकी प्रतियां भी प्रस्तुत करनी होंगी।
वर्गवार कट-ऑफ: ओपन वर्ग 85.71, ओबीसी 81.05, एससी 77.39, एसटी 72.39, ईडब्ल्यूएस 82.00 और दिव्यांग वर्ग 64.36 रही। दस्तावेज सत्यापन एवं प्रवेश प्रक्रिया 14 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक विधि संकाय के सेमिनार हॉल में होगी।