आगरा में पहली बार टेली रोबोटिक सर्जरीः ताजनगरी में बैठ मुंबई-भोपाल में की मरीजों की सर्जरी

आगरा। चिकित्सा जगत में इतिहास रचते हुए आगरा के डॉक्टरों ने पहली बार टेली रोबोटिक सर्जरी द्वारा मुम्बई और भोपाल में भर्ती मरीजों की सर्जरी सफलतापूर्वक की। मरीज अपने शहर के अस्पताल की ऑपरेशन थिएटर में थे और सर्जन आगरा में बैठकर सर्जरी कर रहे थे। इस अनोखी तकनीक का सीधा प्रसारण ताज होटल एंड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित दो दिवसीय एंडो रोबो गायनी वर्कशॊप 2025 में दिखाया गया।

Oct 4, 2025 - 18:03
 0
आगरा में पहली बार टेली रोबोटिक सर्जरीः ताजनगरी में बैठ मुंबई-भोपाल में की मरीजों की सर्जरी
ताज होटल एंड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित एंडो रोबो गायनी वर्कशॊप में रोबोटिक टेली सर्जरी के जरिए दूसरे शहरों के अस्पतालों में मरीजों की सर्जरी करते चिकित्सक।

यह कार्यशाला आगरा ऑब्स्टेट्रिकल एंड गायनेकोलॉजिकल सोसायटी के नेशनल व यूपी चैप्टर और डॉ. कमलेश टंडन हॉस्पिटल एंड टेस्ट ट्यूब बेबी सेंटर द्वारा आयोजित की गई, जिसमें देश भर से 400 से अधिक स्त्री रोग विशेषज्ञ शामिल हुए। कार्यशाला के पहले दिन 25 जटिल ऑपरेशन किए गए, जिनमें मुम्बई और भोपाल की दो महिलाओं के गर्भाशय निकालने की सर्जरी रोबोटिक टेली सर्जरी तकनीक से की गई।

पहली बार आगरा में रोबोटिक टेली सर्जरी

आयोजन अध्यक्ष डॉ. अमित टंडन ने बताया कि आगरा में पहली बार किसी कार्यशाला में रोबोटिक टेली सर्जरी की गई है। इसमें रिमोट एक्सेस से सर्जन दूर बैठे हुए भी ऑपरेशन नियंत्रित कर सकता है। कैंसर, पेट, आंत और स्त्री रोग से जुड़ी जटिल सर्जरी इस तकनीक से आसानी से संभव है। हालांकि इसके लिए दोनों शहरों के अस्पतालों में रोबोटिक सर्जरी का सेटअप होना अनिवार्य है।

नए सर्जनों को दी गई हैंड्स-ऒन ट्रेनिंग

कार्यशाला में विशेषज्ञ डॉक्टरों ने लेप्रोस्कोपिक और रोबोटिक सर्जरी की बारीकियों को प्रदर्शित किया। इसके साथ ही नए सर्जनों को हैंड्स-ऒन ट्रेनिंग भी दी गई, ताकि भविष्य में वे भी इस तकनीक का लाभ मरीजों तक पहुंचा सकें।

देशभर से जुटे विशेषज्ञ

सर्जरी करने वाले विशेषज्ञों में डॉ. अमित टंडन, डॉ. प्रिया भावे, डॉ. हफीज रहमान, डॉ. सुयश नवल, डॉ. आशीष काले, डॉ. देवांग जोगल, डॉ. बी. रमेश, डॉ. सेजल नईक, डॉ. संदीप निखाडे, डॉ. अमित तनेजा, डॉ. मिलिंद तेलंग, डॉ. नूतन जैन आदि प्रमुख रहे।

SP_Singh AURGURU Editor