दस साल में पहला मौका जब संसद सत्र से पहले विदेश से कोई चिंगारी नहीं आई-मोदी
आगरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज बजट सत्र से पहले विदेशी ताकतों और बगैर नाम लिए नेता विपक्ष राहुल गांधी पर तंज कसा। कहा कि यह पहला मौका है जब संसद सत्र से पहले विदेशी से कोई चिंगारी नहीं आई है और यहां पर उसे हवा नहीं दी गई है।
संसद के बजट सत्र के लिए संसद पहुंचे पीएम मोदी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि वर्ष 2014 से 2024 के दस साल के बाद पहली बार ऐसा हो रहा है कि संसद के सत्र से पहले विदेश से कोई चिंगारी नहीं आई। संसद के हर सत्र से एक-दो दिन पहले विदेश से आने वाली चिंगारी को यहां पर हवा देने वालों की कमी नहीं थी। उन्होंने कहा कि शरारत करने वाले तैयार बैठे रहते थे।
पीम मोदी ने कहा कि हमारे गणतंत्र के 75 वर्ष पूरे हो चुके हैं। यह हर देशवासी के लिए गौरवपूर्ण है। जनता ने उन्हें तीसरी बार दायित्व दिया है और उनके तीसरे कार्यकाल का यह पहला पूर्ण बजट पेश होने जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह बजट सत्र 2047 में विकसित भारत के लिए नया विश्वास पैदा करेगा।
प्रधानमंत्री ने युवा सांसदों से कहा कि यह उनके लिए स्वर्णिम मौका है कि वे संसद के इस सत्र में बढ़-चढ़ कर भाग लें और विकसित भारत की यात्रा के सहभागी बनें।