आगरा में गढ़ी चांदनी से पांच साल के बच्चे का अपहरण, पुलिस की कई टीमें तलाशी में जुटीं
आगरा। एत्मादुद्दौला क्षेत्र में आज एक पांच वर्षीय बच्चे का घर के बाहर से अपहरण हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। बच्चे की तलाश में कई टीमों को लगाया गया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं, जिसमें अपहरणकर्ता बच्चे के पास आता और उसे अपने साथ ले जाता दिखाई दे रहा है। आरोपी की पहचान के लिए पुलिस थानों को उसका फोटो भी जारी किया गया है।
गढ़ी चांदनी में पांच वर्षीय जय वर्मा पुत्र सोनू वर्मा घर के बाहर खेल रहा था। अचानक वह गायब हो गया। बच्चे के नहीं मिलने पर घर वाले घबरा गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर देवेंद्र दुबे फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और क्षेत्र में कई टीमों को बच्चे की तलाशी में लगा दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसीपी पीयूष कांत राय भी मौके पर पहुंचे।
इंस्पेक्टर ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे चेक किए, जिनमें देखा गया कि एक व्यक्ति बच्चे के पास आया और उसे हाथ पकड़कर अपने साथ ले गया। पुलिस ने आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए मुख्य चौराहों पर नाकाबंदी कर दी है।
इंस्पेक्टर देवेंद्र दुबे ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर बच्चे की तलाश में कई टीमों को लगाया गया है। पुलिस ने स्थानीय लोगों से भी अपील की है कि संदिग्ध व्यक्ति या जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।
अपहरण की इस घटना ने क्षेत्रवासियों को भयभीत कर दिया है और पुलिस हर स्तर पर बच्चे की तलाश में जुटी हुई है।