शिक्षा में नवाचार की उड़ान: ग्रामीण स्कूलों को मिली नई दिशा, जीडी गोयनका बना प्रेरणा केंद्र
जी.डी. गोयनका पब्लिक स्कूल, आगरा ने शिक्षा के क्षेत्र में एक मिसाल कायम करते हुए गुजरात एवं मध्य प्रदेश के ग्रामीण स्कूलों के प्रतिनिधियों के लिए एक विशेष प्रेरणादायक कार्यशाला का आयोजन किया। यह कार्यक्रम उन स्कूलों के लिए था जो सीमित संसाधनों में आर्थिक रूप से पिछड़े छात्रों को बेहतर शिक्षा देने का संकल्प लिए हुए हैं।
-गुजरात और मध्य प्रदेश के स्कूल प्रतिनिधियों का आगरा में हुआ भव्य स्वागत
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुई। उद्घाटन समारोह में प्रो वाइस चेयरमैन संजय अग्रवाल, सचदेवा मिलेनियम स्कूल के चेयरमैन राजेन्द्र सचदेवा, वोसा अध्यक्ष राहुल राज, विजय जैन, जवाहर जैन, श्रीमती मीनू जैन और स्कूल के प्राचार्य पुनीत वशिष्ठ मंचासीन रहे।
सीमित संसाधनों में उत्कृष्टता के सूत्र साझा
कार्यशाला में विभिन्न वक्ताओं ने ग्रामीण स्कूलों की चुनौतियों और संभावनाओं पर सारगर्भित विचार रखे—
संजय अग्रवाल ने आफ्टर-स्कूल स्पोर्ट्स एकेडमी की स्थापना और शिक्षकों के नियमित प्रशिक्षण की आवश्यकता को रेखांकित किया।
राजेन्द्र सचदेवा ने शिक्षा में सनातन पद्धति के समावेश और विद्यार्थियों के मानसिक विकास हेतु इंडोर खेलों की उपयोगिता को उजागर किया।
राहुल राज ने आउटडोर लर्निंग, शंका समाधान कार्यशालाओं और विद्यार्थियों के शारीरिक विकास की महत्ता पर जोर दिया।
प्राचार्य पुनीत वशिष्ठ ने सीमित बजट में योग, शतरंज, कबड्डी, कैरम और वॉलीबॉल जैसे खेलों को पाठ्यक्रम में सम्मिलित करने की व्यावहारिक रणनीतियां साझा कीं।
कैंपस भ्रमण और शिक्षण सामग्री का अवलोकन
प्रतिभागियों को जी.डी. गोयनका स्कूल कैंपस का विस्तृत भ्रमण कराया गया। इस दौरान उन्होंने लर्निंग फ्रॉम गोयनका फोटो बूथ, एसओपी पुस्तिकाएं, बजट प्रारूप, समय सारणी नमूने और अन्य सहायक संसाधनों का अवलोकन किया।
कार्यक्रम में आयोजित नेटवर्किंग सत्रों के माध्यम से विभिन्न स्कूलों के संचालकों ने आपस में अनुभवों का आदान-प्रदान कर नवाचार के नए मार्ग तलाशे।
सहभागिता प्रमाणपत्र और भविष्य की प्रतिबद्धता
कार्यशाला के समापन सत्र में सभी प्रतिनिधियों को सहभागिता प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। जी.डी. गोयनका पब्लिक स्कूल, आगरा ने भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने का संकल्प लिया ताकि शिक्षा की गुणवत्ता और पहुंच दोनों को मजबूती दी जा सके।
इन स्कूलों की रही सहभागिता
संस्कार इंटरनेशनल स्कूल, गूर्जहमर, फूलचंद मोन्युमेंट्स स्कूल, घुवारा, अहिंसा पब्लिक स्कूल, भगवा, एस.पी.के. जैन मेमोरियल स्कूल, बक्सवाहा, एक्टिव चिल्ड्रन पब्लिक स्कूल, शाहगढ़, सनमति किड्स स्कूल, पतेरा, मॉडर्न एजुकेशन पब्लिक स्कूल, सतई, परश माध्यमिक स्कूल, सतई और विद्यातन किड्स स्कूल, बीना।