भगवान महावीर स्वामी जयंती पर निकली रथयात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब: 12 साल बाद मोती कटरा बना आस्था का महासंगम

आगरा। भगवान महावीर स्वामी के 2625वें जन्म कल्याणक महोत्सव पर आगरा की सड़कों पर आस्था, भव्यता और धार्मिक उल्लास का ऐसा अद्भुत दृश्य देखने को मिला, जिसने पूरे शहर को भक्तिमय बना दिया। श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर, हनुमान चौराहा, मोती कटरा से निकली विशाल रथयात्रा में हजारों श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। 12 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद मोती कटरा क्षेत्र को इस ऐतिहासिक आयोजन का अवसर मिला, जिससे क्षेत्रवासियों का उत्साह चरम पर नजर आया।

Mar 31, 2026 - 22:04
 0
भगवान महावीर स्वामी जयंती पर निकली रथयात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब: 12 साल बाद मोती कटरा बना आस्था का महासंगम
मोती कटरा से भगवान महावीर स्वामी की जयंती पर निकली रथयात्रा को हरी झंडी दिखाते सांसद नवीन जैन।

आचार्य श्री चैत्य सागर जी महाराज ससंघ के मंगल सानिध्य में आयोजित इस भव्य रथयात्रा का शुभारंभ प्रातः 8:30 बजे राज्यसभा सांसद नवीन जैन द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। प्रथम आरती करने का सौभाग्य प्रदीप जैन पीएनसी परिवार को प्राप्त हुआ।

सजीव झांकियों ने मोह लिया मन, हर कदम पर गूंजे जयकारे

सुसज्जित रथ पर विराजमान भगवान महावीर की दिव्य झांकी ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। “भगवान महावीर की जय” के गगनभेदी उद्घोषों से पूरा मार्ग गूंज उठा। रथयात्रा में 12 बैंड, 12 बगियाँ, ताशा दल, जैन ध्वज, मंगल कलश सहित अनेक आकर्षक झांकियां शामिल रहीं।

झांकियों में आचार्य विद्यासागर जी, शांतिनाथ भगवान, नेमिनाथ भगवान की बरात, वर्धमान से महावीर, पांडुक शिला, बाहुबली भगवान, आदिनाथ भगवान, राजा सिद्धार्थ, माता के सोलह स्वप्न, कुबेर द्वारा धनवर्षा, अहिंसा का संदेश, पावापुरी, चंदनबाला आहार जैसे प्रेरणादायक दृश्य प्रस्तुत किए गए, जिन्होंने श्रद्धालुओं को धर्ममय वातावरण में डुबो दिया।

देशभर के कलाकारों ने बढ़ाई भव्यता

रथयात्रा में एटा का मयूर नृत्य, महाराष्ट्र की डीजे पार्टी, असम के कलाकारों की म्यूजिकल प्रस्तुति, सपेरा बीन बैंड, भरतनाट्यम नृत्य, राजस्थान और इटावा के कलाकारों की प्रस्तुतियों ने चार चांद लगा दिए। जिनवाणी रथ, पांडुक शिला रथ, चांदी का रथ, हाथी एवं घोड़े वाले रथ आकर्षण का केंद्र बने।

श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह शीतल जल और जलपान की उत्तम व्यवस्था की गई, जिससे सेवा भाव की मिसाल देखने को मिली।

चार सेक्टरों में व्यवस्थित संचालन, हर मार्ग पर भव्य स्वागत

रथयात्रा को नवकार युवा मंच अवधपुरी, अरिहंत सेवा मंडल नुनिहाई एवं यमुना कॉलोनी, शांतिनाथ युवा मंडल जयपुर हाउस और एनसीसी क्लब छीपीटोला, इन चार सेक्टरों में विभाजित कर सुव्यवस्थित संचालन किया गया।

यात्रा मोती कटरा से प्रारंभ होकर पटेल नगर, हींग की मंडी, सब्जी मार्केट, फव्वारा, सुभाष बाजार, जौहरी बाजार, दरेसी, धूलियागंज और बेलनगंज होते हुए एम.डी. जैन इंटर कॉलेज, हरीपर्वत पहुंची। पूरे मार्ग में तोरण द्वार, आकर्षक सजावट और स्वागत मंचों से पुष्पवर्षा कर भगवान महावीर का भव्य स्वागत किया गया।

पांडुकशिला अभिषेक और सांस्कृतिक संध्या ने बांधा समा

एम.डी. जैन इंटर कॉलेज परिसर में निर्यापक मुनि विलोक सागर महाराज ससंघ एवं आर्यिका सत्यमति माताजी ससंघ के सानिध्य में विधानाचार्य पंडित अभिषेक जैन शास्त्री के निर्देशन में पांडुकशिला पर श्रीजी की प्रतिमाओं का विधिवत अभिषेक किया गया।

रात्रि में महिलाओं द्वारा भगवान के बाल स्वरूप को पालने में झुलाने का भव्य कार्यक्रम हुआ, जिसमें भजन, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

SP_Singh AURGURU Editor