महिलाओं के स्वास्थ्य पर फोकस: आगरा में कल से शुरू होगा ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान
आगरा। प्रधानमंत्री के आह्वान पर महिलाओं के स्वास्थ्य और परिवार सशक्तिकरण को लेकर 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक आगरा में राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ चलाया जाएगा। इस दौरान महिला स्वास्थ्य, पोषण और जागरूकता से जुड़ी अनेक गतिविधियां होंगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि यह अभियान महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा मनाए जा रहे पोषण माह के साथ समन्वित रूप से संचालित किया जाएगा। इसका राष्ट्रीय शुभारंभ बुधवार को प्रधानमंत्री करेंगे, जबकि जनपद स्तर पर तीन स्थानों पर कार्यक्रम होंगे—जिला अस्पताल में केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किरावली में सांसद राजकुमार चाहर और सीएचसी खंदौली में राज्यसभा सांसद नवीन जैन अभियान की शुरुआत करेंगे।
महिलाओं और बच्चों पर विशेष ध्यान
सीएमओ ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बच्चों को स्वास्थ्य सेवाओं की पूर्ण उपलब्धता सुनिश्चित करना है, खासकर वे जो अब तक छूटे हुए हैं। इसके तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और सरकारी चिकित्सा इकाइयों में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे, जहां महिलाओं को आवश्यक और विशेषज्ञ सेवाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी।
जांच और जागरूकता कार्यक्रम
अभियान में गैर-संचारी रोग जैसे उच्च रक्तचाप, मधुमेह, मुख, स्तन और गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की जांच की जाएगी। संवेदनशील महिलाओं की टीबी जांच और ‘निःक्षय मित्र योजना’ में नामांकन होगा। किशोरियों एवं महिलाओं में एनीमिया और सिकल सेल रोग की स्क्रीनिंग की जाएगी। साथ ही गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच, हीमोग्लोबिन परीक्षण, पोषण परामर्श और मदर-चाइल्ड प्रोटेक्शन कार्ड का वितरण भी किया जाएगा।
इसके अलावा बच्चों और गर्भवती महिलाओं को निःशुल्क टीकाकरण, मासिक धर्म स्वच्छता, पोषण व मानसिक स्वास्थ्य पर जागरूकता कार्यक्रम, तेल और चीनी का उपयोग कम करने का विशेष अभियान और स्वयं सहायता समूहों के सहयोग से पोषण आहार, अन्नप्राशन एवं परामर्श गतिविधियां आयोजित होंगी। अभियान के दौरान रक्तदान शिविरों का भी आयोजन होगा।
आयुष्मान योजना से जुड़े लाभ
अभियान में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत लाभार्थियों का पंजीकरण, ई-कार्ड वितरण और आयुष्मान भारत स्वास्थ्य खाता आईडी बनाने की प्रक्रिया भी संचालित की जाएगी।