कोहरे की चादर में लिपटा आगरा, एक्सप्रेसवे पर थमी रफ्तार, ट्रेनें लेट, गलन से बढ़ी परेशानी

आगरा। आगरा में गुरुवार सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा, जिससे पूरे शहर की रफ्तार थम सी गई। खासतौर पर बाहरी इलाकों में कोहरे का असर ज्यादा देखने को मिला। दृश्यता बेहद कम होने के कारण यमुना एक्सप्रेसवे सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर वाहन चालकों को बेहद सावधानी के साथ चलना पड़ा। कई जगहों पर वाहनों की गति पर ब्रेक लग गए और लाइट जलाकर वाहन चलाने की मजबूरी रही।

Dec 18, 2025 - 11:46
 0
कोहरे की चादर में लिपटा आगरा, एक्सप्रेसवे पर थमी रफ्तार, ट्रेनें लेट, गलन से बढ़ी परेशानी
दिन में रात जैसे हालत।

आगरा। आगरा में गुरुवार सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा, जिससे पूरे शहर की रफ्तार थम सी गई। खासतौर पर बाहरी इलाकों में कोहरे का असर ज्यादा देखने को मिला। दृश्यता बेहद कम होने के कारण यमुना एक्सप्रेसवे सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर वाहन चालकों को बेहद सावधानी के साथ चलना पड़ा। कई जगहों पर वाहनों की गति पर ब्रेक लग गए और लाइट जलाकर वाहन चलाने की मजबूरी रही।

कोहरे के साथ ही गलन भी बढ़ गई है, जिससे सुबह-सुबह घर से निकलना लोगों के लिए चुनौती बन गया। रोजमर्रा के कामकाज प्रभावित रहे। पार्कों में टहलने वालों की संख्या में भी भारी कमी देखी गई। स्कूली बच्चों को भी स्कूल पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

कोहरे का असर रेल यातायात पर भी साफ दिखाई दिया। बाहरी क्षेत्रों में दृश्यता कम होने के कारण कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं। ताज एक्सप्रेस, वंदेभारत और शताब्दी जैसी प्रमुख ट्रेनें भी आधे से एक घंटे तक लेट रहीं, जिससे यात्रियों को परेशानी हुई।

तापमान में भी उतार-चढ़ाव बना हुआ है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 16 दिसंबर को अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं 17 दिसंबर को अधिकतम तापमान घटकर 25.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान बढ़कर 9.8 डिग्री सेल्सियस हो गया। यह अधिकतम तापमान सामान्य से 4.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 2.1 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।

मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को दिनभर हल्की धुंध बने रहने की संभावना है। दोपहर के समय हल्की धूप निकल सकती है, जिससे कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि तापमान में बड़े बदलाव की संभावना फिलहाल नहीं जताई गई है।