ग्रेटर आगरा का शिलान्यास कल: सीएम आगमन से पहले मंडलायुक्त ने लिया तैयारियों का जायजा
आगरा। मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इनर रिंग रोड के निकट रहनकलां में ग्रेटर आगरा परियोजना का शिलान्यास एवं भूमि पूजन करेंगे। साथ ही वे करोड़ों रुपये की अन्य विकास परियोजनाओं का लोकार्पण कर जनसभा को संबोधित करेंगे। उनके आगमन से पूर्व सोमवार शाम मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर मंच, हेलीपैड, पार्किंग, मीडिया दीर्घा और सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
आगरा विकास प्राधिकरण द्वारा ग्राम रायपुर और रहनकलां में ‘शहरी विस्तारीकरण एवं नये शहर प्रोत्साहन योजना’ के अंतर्गत लगभग 449.65 हेक्टेयर भूमि पर 10 आवासीय टाउनशिप विकसित की जा रही हैं। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की कुल संभावित लागत 5142 करोड़ रुपये आंकी गई है। टाउनशिप में विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर, चौड़ी सड़कों और अत्याधुनिक नागरिक सुविधाओं का विकास किया जाएगा।
परियोजना के तहत करीब 50 हजार लोगों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त आवास उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। प्राधिकरण द्वारा आवासीय प्लॉट की न्यूनतम दर लगभग 33,000 रुपये प्रति वर्गमीटर तय की गई है, जबकि व्यावसायिक प्लॉट के लिए यह दर करीब 66,000 रुपये प्रति वर्गमीटर रखी गई है। वहीं मिश्रित उपयोग (भूतल पर व्यावसायिक एवं ऊपरी तल पर आवासीय) के प्लॉट लगभग 50,000 रुपये प्रति वर्गमीटर की दर से उपलब्ध होंगे।
मुख्यमंत्री का पूर्व निर्धारित कार्यक्रम रविवार को आगरा आगमन का था, जिसमें संशोधन किया गया है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार वे दोपहर 13:25 बजे लखनऊ के अमौसी हवाई अड्डे से प्रस्थान कर 14:10 बजे खेरिया सिविल एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वे हेलीकॉप्टर से मथुरा-वृंदावन जाएंगे और वहां से 16:25 बजे आगरा के रायपुर-रहनकलां स्थित हेलीपैड पर पहुंचेंगे। 16:30 बजे से 17:30 बजे तक वे ग्रेटर आगरा योजना का भूमि पूजन एवं शिलान्यास करेंगे। इसके पश्चात वे 17:50 बजे खेरिया एयरपोर्ट से राजकीय विमान द्वारा लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।
मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी तथा एडीए की उपाध्यक्ष एम अरुन्मोली भी उपस्थित रहीं। मौसम की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए वाटरप्रूफ हैंगर तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कार्यक्रम निर्बाध रूप से संपन्न हो सके।