आगरा में खेलों का महाकुंभ, रन फॉर विकसित भारत से हुआ चतुर्थ सांसद खेल महोत्सव 2025 का आगाज
आगरा। आगरा संसदीय क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को मंच देने वाले चतुर्थ सांसद खेल महोत्सव 2025 का शुभारंभ रविवार को पूरे जोश और उत्साह के साथ हुआ। रामलीला मैदान से शुरू हुई “रन फॉर विकसित भारत” मिनी मैराथन ने इस भव्य आयोजन को ऊर्जा और राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से आयोजित इस खेल महोत्सव का उद्घाटन सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल ने किया।

सदर स्थित एकलव्य स्टेडियम में झंडा फहराकर और राष्ट्रगान के साथ विधिवत शुरुआत हुई। मैदान में उमड़ा जनसैलाब और खिलाड़ियों का जोश इस बात का प्रमाण था कि खेल अब सिर्फ प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों का माध्यम बन चुका है। कार्यक्रम की शुरुआत मलखंब जैसे पारंपरिक और रोमांचक खेल से हुई, जिसने दर्शकों को खासा आकर्षित किया।
यह खेल महोत्सव 21 दिसंबर से 25 दिसंबर तक चलेगा, जिसमें लगभग 12 विभिन्न खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। क्रिकेट, फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी, मलखंब सहित कई लोकप्रिय खेलों में करीब 5 हजार खिलाड़ी अलग-अलग आयु वर्ग में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
उद्घाटन समारोह में आगरा के कई जनप्रतिनिधि, खेल संघों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे। इस अवसर पर सांसद एसपी सिंह बघेल ने कहा कि यह महोत्सव युवाओं को प्रोत्साहित करने और उनकी खेल प्रतिभा को निखारने का सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “खेलो इंडिया” और विकसित भारत के विजन को आगे बढ़ाने की दिशा में यह आयोजन एक महत्वपूर्ण कदम है। आगरा में आयोजित यह खेल महोत्सव न केवल खिलाड़ियों के आत्मविश्वास को बढ़ाएगा, बल्कि जिले को खेल प्रतिभाओं का नया केंद्र बनाने में भी अहम भूमिका निभाएगा।