आतंकवाद के खिलाफ आगरा में बच्चों से लेकर महिलाओं तक ने जताया आक्रोश
आगरा। कश्मीर के पहलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले के खिलाफ रविवार को पूरे आगरा में जनाक्रोश देखने को मिला। बच्चों से लेकर महिलाओं और विभिन्न संगठनों तक ने सड़क पर उतरकर आतंकवाद के खिलाफ आवाज बुलंद की। कहीं स्केट्स पर सवार होकर नन्हें स्केटर्स ने शांति और एकता का संदेश दिया तो कहीं हाथों में तख्तियां और तिरंगा लेकर महिलाओं ने पैदल मार्च निकाला। जगह-जगह पाकिस्तान और आतंकवाद के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया गया। लोगों ने आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होकर निर्णायक कार्रवाई की मांग की।
स्केट्स पर बच्चों ने दी एकजुटता की मिसाल
आशीष स्पोर्ट्स अकादमी के तत्वावधान में आदर्श नगर बल्केश्वर से कमला नगर श्रीराम चौक तक स्केट्स रैली निकाली गई। करीब 100 बच्चों ने अपने अभिभावकों के साथ रैली में भाग लिया। बच्चों के हाथों में 'आतंकवाद मुर्दाबाद', 'शांति का संदेश फैलाओ' जैसे स्लोगन लिखी तख्तियां थीं। निदेशक आशीष सिंघल ने कहा कि आतंकवाद मानवता का सबसे बड़ा दुश्मन है और बच्चों में भाईचारे का संदेश देना समय की मांग है। रैली में यश गर्ग, रोहिणी अग्रवाल, हरेश चंद अग्रवाल, गौरव सिंघल, एहान सिंघल, पारस शर्मा, देव, तान्या, आध्या, राधा, माधव, वेदांशी आदि मौजूद रहे।
महिलाओं ने कर्मयोगी क्षेत्र में किया विरोध प्रदर्शन
विश्व सनातन ट्रस्ट की महिलाओं ने कमला नगर के कर्मयोगी फुब्बरा से पैदल मार्च निकाला। हाथों में तिरंगा और नारे लिखी तख्तियां लिए महिलाओं ने 'पाकिस्तान मुर्दाबाद', 'भारत माता की जय' के नारों के साथ आतंकवाद का विरोध किया। सचिव रेखा शर्मा ने कहा कि यह हमला मानवता पर हमला है।
ब्रजधाम पार्क पहुंचकर महिलाओं ने दो मिनट का मौन रख श्रद्धांजलि दी और मोमबत्तियां जलाकर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर प्रेमलता शर्मा, गीता शर्मा, बबीता शर्मा, अर्चना गुप्ता, माधुरी मिश्रा, अंबे गुप्ता, चेताली शर्मा, नीलम गुलाटी, अंशिका गुप्ता, रश्मि सिंघल, दिव्या, जानवी, रेनू आदि मौजूद रहीं।
पाकिस्तान को मिलेगा मुंहतोड़ जवाब
ग्वालियर रोड पर प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेता गोविंद चाहर ने कहा कि पाकिस्तान ने पहलगाम में हिंदू भाई-बहनों को निशाना बनाकर अपनी कायरता दिखाई है। हमें सरकार पर पूरा भरोसा है कि निर्दोष हिंदुओं की हत्या का बदला जरूर लिया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तान का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की।