आस्था से विकास तक, पैंतीखेड़ा की ग्राम चौपाल में डिप्टी सीएम केशव मौर्य का राष्ट्रवाद मंत्र

आगरा। आगरा जनपद के फतेहाबाद विकासखंड की ग्राम पंचायत पैंतीखेड़ा में स्थित सती माता मंदिर प्रांगण शुक्रवार को उस समय आस्था, विकास और राष्ट्रवाद के रंग में रंग गया, जब उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य यहां आयोजित विशाल ग्राम चौपाल को संबोधित करने पहुंचे।

Jan 9, 2026 - 20:25
 0
आस्था से विकास तक, पैंतीखेड़ा की ग्राम चौपाल में डिप्टी सीएम केशव मौर्य का राष्ट्रवाद मंत्र
पैंतीखेड़ा में जनचौपाल में मौजूद डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या।

आगरा। आगरा जनपद के फतेहाबाद विकासखंड की ग्राम पंचायत पैंतीखेड़ा में स्थित सती माता मंदिर प्रांगण शुक्रवार को उस समय आस्था, विकास और राष्ट्रवाद के संगम का साक्षी बना, जब उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य यहां आयोजित विशाल ग्राम चौपाल को संबोधित करने पहुंचे।

सती माता जसोदा देवी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना

डिप्टी सीएम ने अपने दौरे की शुरुआत सती माता जसोदा देवी मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन कर माता का आशीर्वाद लेने से की। इस अवसर पर मंदिर प्रांगण में 05 क्विंटल वजनी नवीन घंटा भी स्थापित किया गया, जिससे वातावरण भक्तिमय हो उठा।

ग्राम चौपाल का शुभारंभ, जी राम जी अभियान के स्टालों का निरीक्षण

पूजन उपरांत उपमुख्यमंत्री ने फीता काटकर विशाल ग्राम चौपाल का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने जी राम जी (ग्रामीण आजीविका मिशन) के अंतर्गत लगे विभिन्न स्टालों का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।

विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा, अन्नप्राशन संस्कार संपन्न

डिप्टी सीएम ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, बाल विकास विभाग, कृषि विभाग, समाज कल्याण, स्वास्थ्य विभाग, कौशल विकास, सेवायोजन और जिला उद्योग केंद्र सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों पर जाकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। इसी क्रम में उन्होंने बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया।

25 लाख के सामुदायिक भवन का लोकार्पण, भव्य स्वागत

कार्यक्रम के दौरान लगभग 25 लाख रुपये की लागत से निर्मित सती माता मंदिर प्रांगण स्थित सामुदायिक भवन का लोकार्पण भी उपमुख्यमंत्री द्वारा किया गया। मंच पर पहुंचने पर उनका गदा, पुष्पमाला और प्रतीक चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत किया गया।

जयघोषों के बीच भावुक संबोधन

सभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने “सती माता की जय, भारत माता की जय और वंदे मातरम्” के जयघोष के साथ कहा कि सती माता मंदिर उनकी आस्था का प्रमुख केंद्र है और आगरा में उनके चुनाव प्रचार का शुभारंभ भी यहीं से होता है। उन्होंने कहा कि इस पावन स्थल पर आकर उन्हें विशेष ऊर्जा और प्रेरणा मिलती है।

बिजली बाधित होने पर नाराजगी, एफआईआर के निर्देश

सभा के दौरान बिजली व्यवस्था में व्यवधान उत्पन्न होने पर डिप्टी सीएम ने कड़ी नाराजगी जताई और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इस पर जिलाधिकारी श्री अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने तत्काल जांच बैठाकर दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।

2014 के बाद देश में भ्रष्टाचार के खिलाफ निर्णायक लड़ाई

अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री ने वर्ष 2014 का उल्लेख करते हुए कहा कि जब प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देश की बागडोर संभाली, तब देश भ्रष्टाचार के दलदल में फंसा हुआ था। “ना खाऊंगा, ना खाने दूंगा” के संकल्प के साथ भ्रष्टाचारियों से वसूली गई प्रत्येक पाई आज गरीबों, किसानों और देश के भविष्य के निर्माण में लगाई जा रही है।

जी राम जी अभियान से स्मार्ट गांव की अवधारणा

उन्होंने कहा कि जी राम जी अभियान के माध्यम से मनरेगा को भ्रष्टाचार से मुक्त कर स्मार्ट गांव की अवधारणा को साकार किया जा रहा है। गांवों में सड़क, नाली, जल निकासी और बाढ़ जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान इसी अभियान से सुनिश्चित होगा।

अब गांवों की गलियां भी चमकेंगी

डिप्टी सीएम ने कहा कि आने वाले समय में आगरा शहर की तरह गांवों की गलियां भी चमकेंगी। प्रधानमंत्री के विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित गांव के संकल्प के अनुरूप हर गांव में रोजगार के नए अवसर सृजित किए जाएंगे।

लखपति दीदी मिशन से महिला सशक्तिकरण

महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में 3 करोड़ लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें से अब तक 1 करोड़ दीदियों को प्रमाण पत्र और सम्मान पत्र दिए जा चुके हैं। भविष्य में हर गांव में 10 से 20 लखपति दीदियां होंगी, जिससे गांव और परिवार दोनों सशक्त होंगे।

भाजपा को बताया राष्ट्रवाद और संविधान की सच्ची पुजारी

उपमुख्यमंत्री ने 2017 विधानसभा और 2019 लोकसभा चुनावों में आगरा व फतेहाबाद क्षेत्र की जनता द्वारा भाजपा को दिए गए समर्थन को याद करते हुए कहा कि भाजपा राष्ट्रवाद, विकास और संविधान की सच्ची पुजारी है। उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर को भारत रत्न दिलाने, महिला आरक्षण विधेयक के तहत 33 प्रतिशत आरक्षण, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना और पीएम किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का उल्लेख किया।

मतदाता सूची शुद्धीकरण की अपील

अंत में उपमुख्यमंत्री ने मतदाता सूची शुद्धीकरण अभियान की अंतिम तिथि 6 फरवरी 2026 बताते हुए अपील की कि 18 वर्ष पूर्ण कर चुके युवा और स्थानांतरित मतदाता अपने नाम जोड़ें या आवश्यक संशोधन कराएं। साथ ही 2027 विधानसभा चुनाव में भाजपा की विजय सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही उपस्थिति

कार्यक्रम में फतेहपुरसीकरी के सांसद राजकुमार चाहर, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, छोटे लाल वर्मा, डा. धर्मपाल सिंह, डा. जीएस धर्मेश, भगवान सिंह कुशवाहा, एमएलसी  विजय शिवहरे, कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष डा. मंजू भदौरिया, महापौर हेमलता दिवाकर, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।

खेरिया एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत

इससे पूर्व डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के जनपद आगमन पर खेरिया एयरपोर्ट पर जनप्रतिनिधियों ने बुके और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया।