सेवा से संकल्प तक: लॉयंस क्लब प्रयास ने दिव्यांगजनों के लिए सेवा से किया नववर्ष का शुभारंभ

नववर्ष को सेवा और संवेदना से जोड़ते हुए लॉयंस क्लब प्रयास ने आगरा में एक प्रेरणादायी पहल की। शनिवार को लंगड़े की चौकी स्थित हरदयाल विकलांग केंद्र में आयोजित सेवा कार्यक्रम के माध्यम से जरूरतमंद दिव्यांगजनों के जीवन में आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास का संचार करने का संकल्प साकार किया गया।

Jan 3, 2026 - 18:54
 0
सेवा से संकल्प तक: लॉयंस क्लब प्रयास ने दिव्यांगजनों के लिए सेवा से किया नववर्ष का शुभारंभ
लंगड़े की चौकी स्थित हरदयाल विकलांग केंद्र पर सेवा कार्यक्रम के दौरान सुनील अग्रवाल को चेक प्रदान करते लॉयंस क्लब प्रयास के अध्यक्ष रीतेश मांगलिक। साथ में संजीव मित्तल, अशु मित्तल, सुरभि पाटनी, पंकज गर्ग सहित अन्य सदस्य।

आगरा। नववर्ष के अवसर पर लॉयंस क्लब प्रयास द्वारा हरदयाल विकलांग केंद्र, लंगड़े की चौकी पर सेवा आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया, जिसमें सेवा भाव और मानवीय संवेदना का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर क्लब के अध्यक्ष रीतेश मांगलिक, सचिव सुरभि पाटनी, कोषाध्यक्ष पंकज गर्ग, संस्थापक अध्यक्ष संजीव मित्तल एवं पूर्व अध्यक्ष अशु मित्तल ने हरदयाल विकलांग केंद्र के नीरू अग्रवाल एवं सुनील अग्रवाल को दिव्यांगजनों के कैलिपर्स निर्माण हेतु डेढ़ लाख रुपये का चेक प्रदान किया। यह सहायता उन दिव्यांगजनों के लिए सहारा बनेगी, जिन्हें चलने-फिरने में कठिनाई का सामना करना पड़ता है।

अध्यक्ष रीतेश मांगलिक ने कहा कि लॉयंस क्लब प्रयास का उद्देश्य अधिक से अधिक दिव्यांगजनों को सशक्त बनाना है, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ जीवन जी सकें और आत्मनिर्भर बनें। पूर्व अध्यक्ष अशु मित्तल ने कहा कि इस प्रकार के सेवा कार्य समाज में सहयोग, करुणा और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करते हैं और नववर्ष को वास्तविक अर्थों में शुभ एवं सार्थक बनाते हैं।

कार्यक्रम में रचना अग्रवाल, सविता, रेनू भगत सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहीं, जिन्होंने सेवा कार्य में सहभागिता निभाई।

SP_Singh AURGURU Editor