भारत-ब्रिटेन में एफटीए पर हस्ताक्षर, मोदी बोले-यह समझौता साझा समृद्धि की योजना

लंदन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ब्रिटेन दौरे पर हैं। गुरुवार (आज) को उन्होंने ब्रिटिश पीएम कीर स्टार्मर से पूरी गर्मजोशी के साथ मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर हस्ताक्षर किए। इस ऐतिहासिक डील पर पूरी दुनिया ने नजरें जमाई हुई थी। इस अहम डील के अलावा ब्रिटेन की धरती से पीएम मोदी ने पहलगाम अटैक और अहमदाबाद प्लेन क्रैश समेत पांच मामलों पर भी अपनी बात रखी।

Jul 24, 2025 - 16:57
 0
भारत-ब्रिटेन में एफटीए पर हस्ताक्षर, मोदी बोले-यह समझौता साझा समृद्धि की योजना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत और यूके के बीच हुए व्यापक मुक्त व्यापार समझौते को एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह समझौता दोनों देशों के बीच व्यापार और सहयोग को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा। पीएम मोदी ने कहा- 'यह समझौता केवल एक आर्थिक समझौता नहीं है, बल्कि साझा समृद्धि की योजना भी है। एक ओर, भारतीय कपड़ा, जूते, रत्न एवं आभूषण, समुद्री खाद्य और इंजीनियरिंग वस्तुओं को ब्रिटेन में बेहतर बाजार पहुंच मिलेगी। भारत के कृषि उत्पादों और प्रसंस्कृत खाद्य उद्योग के लिए ब्रिटेन के बाजार में नए अवसर पैदा होंगे। इस समझौते से विशेष रूप से भारतीय युवाओं, किसानों, मछुआरों और एमएसएमई क्षेत्र को लाभ होगा। दूसरी ओर, भारत के लोगों और उद्योग जगत के लिए, चिकित्सा उपकरणों जैसे ब्रिटेन में बने उत्पाद उचित और किफायती दामों पर उपलब्ध होंगे।'

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा 'पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत को ब्रिटिश प्रधानमंत्री स्टारमर के समर्थन की मैं सराहना करता हूं। आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में दोहरे मापदंड की कोई जगह नहीं है।'प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'जो लोग लोकतांत्रिक स्वतंत्रता का दुरुपयोग करके लोकतंत्र को ही कमजोर करते हैं, उन्हें जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।'

प्नधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'पिछले महीने अहमदाबाद में हुए हादसे में मारे गए लोगों में कई ब्रिटिश नागरिक भी थे। हम उनके परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं। ब्रिटेन में रहने वाले भारतीय मूल के लोग हमारे संबंधों में एक जीवंत सेतु का काम करते हैं। उनका योगदान सिर्फ ब्रिटेन की समृद्ध अर्थव्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि ब्रिटेन की संस्कृति, खेल और जनसेवा में भी दिखता है।'  

इस दौरान पीएम मोदी यूक्रेन और रूस वॉर पर भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा, 'इंडो पैसिफिक में शांति और स्थिरता, यूक्रेन में चल रहे संघर्ष और पश्चिम एशिया की स्थिति पर हम विचार साझा करते रहे हैं। हम जल्द से जल्द शांति और स्थिरता की बहाली का समर्थन करते हैं। सभी देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान अनिवार्य है। आज के युग की मांग विस्तारवाद नहीं विकासवाद ही है।'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'जब भारत और यूके मिले और वो भी टेस्ट सीरीज के दौरान तब क्रिकेट का उल्लेख करना ही पड़ता है। दोनों देशों के लिए क्रिकेट सिर्फ खेल नहीं बल्कि जुनून भी है और हमारी साझेदारी के लिए एक महान रूपक भी है। कभी-कभी स्विंग और मिस हो सकता है लेकिन हम हमेशा सीधे बल्ले से खेलेंगे। हम हाई स्कोरिंग दीर्घकालिक साझेदारी बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। आज संपन्न हुए समझौते और विजन 2035 इसे आगे बढ़ाने वाले माइलस्टोन हैं।'