स्कूल बस का फर्श टूटने से बालिका की मौत के मामले में फरार स्कूल प्रबंधक कृपाल सिंह गिरफ्तार
आगरा के एत्मादपुर में 9 वर्षीय छात्रा की दर्दनाक मौत के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे आरबीएस स्कूल के प्रबंधक को गिरफ्तार कर लिया है। यह हादसा स्कूल बस की लापरवाही का नतीजा बताया जा रहा है।
आगरा। एत्मादपुर थाना क्षेत्र में 11 मार्च को हुए दर्दनाक स्कूल बस हादसे में 9 वर्षीय छात्रा की मौत के बाद पुलिस ने आरबीएस स्कूल के प्रबंधक कृपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, 11 मार्च को स्कूल की बस से घर लौटती नौ वर्षीय छात्रा बस के टूटे फर्श से नीचे आ गिरी थी और बस के पहिये के नीचे आने से उसकी दर्दनाक मौत हो गई थी।
घटना के बाद पुलिस ने पहले ही बस चालक नरेन्द्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं मामले में वांछित चल रहे स्कूल प्रबंधक कृपाल सिंह को पुलिस ने फिरोजाबाद से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार स्कूल प्रबंधन की लापरवाही और बस की खराब स्थिति इस हादसे की मुख्य वजह रही। अब प्रबंधक के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है और अभिभावकों ने स्कूल वाहनों की सुरक्षा को लेकर कड़े मानकों की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अन्य जिम्मेदारों पर भी कार्रवाई हो सकती है।