जम्मू-कश्मीर में बजा पूरा वंदे मातरम, नेशनल कांफ्रेंस पर भड़की कांग्रेस, भाजपा ने कहा- कांग्रेस का असली चेहरा सामने आया
जम्मू और कश्मीर के पहले फिल्म फेस्टिवल में संपूर्ण राष्ट्र गीत वंदे मातरम का गायन हुआ तो कांग्रेस अपनी ही सहयोगी नेशनल कांफ्रेंस से नाराज हो गई। लेकिन, सहयोगी दल से ऐसी नाराजगी दिखाकर कांग्रेस पार्टी विरोधियों के हत्थे चढ़ गई है।
नई दिल्ली। जम्मू और कश्मीर में पहले अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल के उद्घाटन के मौके पर संपूर्ण वंदे मातरम का गायन कांग्रेस को रास नहीं आया। पार्टी ने राज्य में सत्ताधारी अपनी ही सहयोगी नेशनल कांफ्रेंस को इसके लिए सुनाने की कोशिश की है। क्योंकि, कार्यक्रम में खुद मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला भी तीन मिनट 10 सेकंड तक राष्ट्र गीत के सम्मान में सावधान वाली मुद्रा में खड़े रहे। इस रवैए पर बीजेपी ने पलटवार किया है और कहा है कि 'कांग्रेस 21वीं सदी की मुस्लिम लीग बन चुकी है।'
जम्मू और कश्मीर जहां की स्थानीय राजनीतिक पार्टियां 2019 से पहले तक आर्टिकल-370 के नाम पर किसी भी हद को पार करने के लिए तैयार रहती थीं। उसी जम्मू और कश्मीर में आज वंदे मातरम के सभी 6 छंद गाए जा रहे हैं, तो कांग्रेस ने इसे भी अपनी सियासी नाक का सवाल बना लिया है। यही वजह है कि केंद्र शासित प्रदेश के पहले अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में जब मुख्यमंत्री और सरकार के अन्य प्रमुख नेताओं की मौजूदगी में गाए गए राष्ट्र गीत का वीडियो वायरल हुआ तो कांग्रेस को लगा कि उसकी सियासत की जमीन ही खिसका दी गई है।
कांग्रेस सांसद और पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने तुरंत इस वीडियो पर सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी प्रतिक्रिया डाली। उन्होंने लिखा, 'वंदे मातरम का पूरा वर्जन उस सामंजस्यपूर्ण और बहुलवादी सोच के साथ मेल नहीं खाता, जिसकी कल्पना भारत के लिए हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने की थी और उसे संवारा था।' उन्होंने देश के कुछ महान स्वतंत्रता सेनानियों का हवाला देते हुए सहयोगी दलों से कहा है कि वह उन्हीं सेनानियों के फैसले का सम्मान करें।
नेशनल कांफ्रेंस जैसी पार्टी ने जिस तरह से संवैधानिक मर्यादा का पालन करते हुए वंदे मातरम को आत्मसात किया है, उसने बीजेपी को कांग्रेस को कटघरे में खड़ा करने का बेहतर सियासी मौका दे दिया है। बीजेपी सांसद और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, 'संपूर्ण वंदे मातरम् गायन को लेकर संसद से पास नियम के बावजूद, कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने एक्स पर जो आपत्ति की है, उसने उसका असली चेहरा सामने ला दिया है।'
बीजेपी नेता ने कहा, 'कांग्रेस के सहयोगी दल,यहां तक कि एनसीपी और नेशनल कांफ्रेंस के नेता भी संपूर्ण वंदे मातरम् गीत में शामिल हो रहे हैं। मगर कांग्रेस को आपत्ति है। मतलब, कांग्रेस के गठबंधन सहयोगी भी उसके साथ नहीं हैं, सिर्फ मुस्लिम लीग को छोड़कर।'