चंबल के बीहड़ों में जुए की महफिल, लाखों के दांव, बाहरी जुआरियों की एंट्री से बढ़ी हलचल
आगरा के बाह क्षेत्र के खेड़ा राठौर इलाके में चंबल के बीहड़ों में बड़े स्तर पर जुए का अड्डा संचालित होने का मामला सामने आया है। लाखों के दांव लगने और बाहरी जुआरियों के आने की बात सामने आई है। सोशल मीडिया पर फोटो वायरल होने के बाद पुलिस कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।
आगरा। आगरा जनपद के बाह क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां चंबल के बीहड़ों में खुलेआम जुए का अड्डा संचालित होने की बात सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, खेड़ा राठौर थाना क्षेत्र के बीहड़ों में बड़े स्तर पर जुए की महफिल सज रहीं हैं, जिसमें लाखों रुपये के दांव लगाए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि इस अवैध जुए के अड्डे पर स्थानीय ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों और अन्य क्षेत्रों से भी जुआरी पहुंच रहे हैं। बीहड़ों की भौगोलिक स्थिति का फायदा उठाकर इस पूरे खेल को अंजाम दिया जा रहा है, जिससे पुलिस की निगरानी से बचा जा सके।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि बड़ी संख्या में लोग एकत्र होकर जुआ खेल रहे हैं और नगदी के बड़े-बड़े बंडल दांव पर लगाए जा रहे हैं। इन तस्वीरों के सामने आने के बाद इलाके में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर इतने बड़े स्तर पर जुए का संचालन किसके संरक्षण में हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना किसी दबंग या प्रभावशाली व्यक्ति की शह के इस तरह का अवैध कारोबार चल पाना संभव नहीं है।
हालांकि, अभी तक पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। लेकिन सोशल मीडिया पर मामला वायरल होने के बाद प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव बढ़ता जा रहा है।