आज से शुरू हुआ गणेशोत्सव, पंडालों में स्थापित हो रहीं भव्य गणेश प्रतिमाएं
आगरा। दस दिवसीय गणेशोत्सव आज से शुरू हो गया है। पूर्वाह्न से शुभ मुहूर्त शुरू होते ही शहर के गली-मोहल्लों और कॉलोनियों में सजाए गए पंडालों में गणेश प्रतिमाओं की स्थापना की जा रही है। अनंत चतुर्दशी यानी 6 सितंबर को गणेश विसर्जन के साथ इस भव्य महोत्सव का समापन होगा।
सनातन धर्म में भगवान गणेश को सर्वप्रथम पूजनीय देवता माना जाता है। बुद्धि, सुख और विवेक के देवता भगवान गणेश का जन्म भाद्रपद माह शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि पर हुआ था। धार्मिक मान्यता है कि गणेश की पूजा से जीवन में सुख-समृद्धि और शांति आती है तथा सभी प्रकार की बाधाएं दूर होती हैं।
इस वर्ष भादो शुक्ल चतुर्थी की तिथि कल दोपहर 1 बजकर 54 मिनट पर शुरू हो चुकी है और यह आज (बुधवार को) 3 बजकर 44 मिनट तक रहेगी। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार गणपति स्थापना का शुभ मुहूर्त आज सुबह 11 बजकर 01 मिनट से दोपहर 1 बजकर 40 मिनट तक और दूसरा मुहूर्त दोपहर 1 बजकर 39 मिनट से शाम 6 बजकर 05 मिनट तक रहेगा।
आगरा में जगह-जगह बने पंडालों में गणपति की प्रतिमाएं शुभ मुहूर्त पर स्थापित की जा रही हैं। कमलानगर के गणेश चौक पर इस बार सबसे ऊंची गणेश प्रतिमा स्थापित की गई है, जिसे क्रेन के जरिए लाया गया। बाजारों में देर रात तक प्रतिमाएं खरीदने की होड़ लगी रही और श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।