चोरी के वाहन खोलकर पार्ट्स बेचने वाला गिरोह पकड़ा गया, लोहामंडी पुलिस ने 3 अभियुक्त किए गिरफ्तार

आगरा की लोहामंडी थाना पुलिस ने चोरी के वाहनों को खोलकर उनके पार्ट्स बेचने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से चोरी की स्कूटी के पार्ट्स, एक ई-रिक्शा और वाहन खोलने के औजार बरामद किए हैं। आरोपियों ने वाहन चोरी कर पार्ट्स बेचने की बात कबूल की है।

Jan 12, 2026 - 22:02
 0
चोरी के वाहन खोलकर पार्ट्स बेचने वाला गिरोह पकड़ा गया, लोहामंडी पुलिस ने 3 अभियुक्त किए गिरफ्तार
इमेज फोटो

आगरा। शहर में वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम कसते हुए लोहामंडी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने चोरी के वाहनों को खोलकर उनके पार्ट्स बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी की स्कूटी के पार्ट्स, एक ई-रिक्शा और वाहन खोलने के औजार बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार रविवार को आगरा कॉलेज के गेट के सामने चेकिंग और छापेमारी अभियान के दौरान मुखबिर की सूचना पर तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। मौके से चोरी की स्कूटी के अलग-अलग पार्ट्स बरामद होने पर पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।

पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे तीनों मिलकर वाहन चोरी करते थे और चोरी के बाद स्कूटी व अन्य वाहनों को खोलकर उनके पार्ट्स अलग-अलग स्थानों पर बेच देते थे, ताकि वाहन की पहचान न हो सके और पुलिस तक सुराग न पहुंचे।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सलमान पुत्र मोहम्मद उमर, निवासी  दीदमई, थाना रामगढ़, जनपद फिरोजाबाद, मोहम्मद नदीम पुत्र मोहम्मद सत्तार, निवासी सदर भट्टी, थाना मंटोला, आगरा और नितिन शर्मा पुत्र हरिओम शर्मा, निवासी गढ़ी भदौरिया, थाना जगदीशपुरा, आगरा के रूप में हुई है।

पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 1 स्कूटी के पार्ट्स, 1 ई-रिक्शा, 1 रिंच, 5 पाना, 1 प्लास, 1 हथौड़ा, 1 लीवर, 1 छोटा पेचकस और 3 टॉमी बरामद की हैं, जिनका इस्तेमाल वाहन खोलने में किया जाता था।

लोहामंडी थाना पुलिस ने तीनों अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और यह भी जांच की जा रही है कि इस गिरोह ने शहर के अन्य इलाकों में कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।