जगदीशपुरा में गैंगवार जैसा माहौल, पुरानी रंजिश में चली गोलियां, पथराव से दहला इलाका, 5 आरोपी गिरफ्तार

जगदीशपुरा के अवधपुरी चौराहे स्थित शुक्ला मार्केट में पुरानी रंजिश के चलते दो गुटों के बीच फायरिंग और पथराव हुआ। घटना से इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों विपिन, रोहित चौधरी, स्वप्निल सोलंकी, अतुल वर्मा और आदित्य चौधरी को गिरफ्तार किया। आदित्य के पास से उसके पिता के नाम की लाइसेंसी .32 बोर पिस्तौल, कारतूस और खोखा बरामद हुआ। पुलिस ने एक इको स्पोर्ट कार और बुलेट बाइक सीज कर दी है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

Jun 8, 2026 - 01:08
 0
जगदीशपुरा में गैंगवार जैसा माहौल, पुरानी रंजिश में चली गोलियां, पथराव से दहला इलाका, 5 आरोपी गिरफ्तार

आगरा। थाना जगदीशपुरा क्षेत्र के अवधपुरी चौराहे के पास स्थित शुक्ला मार्केट में रविवार को पुरानी रंजिश के चलते दो गुट आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच फायरिंग तथा जमकर पथराव होने लगा। सरेआम चली गोलियों और उपद्रव से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों गुटों के बीच पहले कहासुनी हुई, जिसके बाद मामला मारपीट, पथराव और फायरिंग तक पहुंच गया। अचानक हुई गोलीबारी से बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी सुरक्षा के लिए दुकानों व घरों में छिप गए।

घटना की जानकारी मिलते ही थाना जगदीशपुरा पुलिस और अन्य पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से विपिन, रोहित चौधरी, स्वप्निल सोलंकी, अतुल वर्मा और आदित्य चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। जबकि 2 से 3 आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए, जिनकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी आदित्य चौधरी के कब्जे से .32 बोर की लाइसेंसी पिस्तौल, कारतूस और एक खोखा बरामद किया गया। जांच में सामने आया कि यह पिस्तौल उसके पिता के नाम पर लाइसेंसी है, जिसे वह घर से चोरी-छिपे लेकर आया था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि लाइसेंसी हथियार का इस तरह इस्तेमाल कैसे हुआ और इसमें अन्य कौन-कौन शामिल हैं।

घटनास्थल से एक सफेद इको स्पोर्ट कार और काली बुलेट मोटरसाइकिल भी बरामद हुईं, जिन्हें पुलिस ने सीज कर दिया है। पुलिस ने मौके से साक्ष्य एकत्र कर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।