25 हजार का इनामी गैंगस्टर गिरफ्तार: एत्माउद्दौला पुलिस ने यमुना ब्रिज स्टेशन पर दबोचा रमेश चावला

आगरा। गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित चल रहे 25 हजार के इनामी अपराधी को एत्मादुद्दौला थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश में थी, लेकिन वह हर बार बच निकलता था। आखिरकार गुरुवार सुबह पुलिस को बड़ी सफलता मिली।

Oct 30, 2025 - 20:18
 0
25 हजार का इनामी गैंगस्टर गिरफ्तार: एत्माउद्दौला पुलिस ने यमुना ब्रिज स्टेशन पर दबोचा रमेश चावला
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया गैंगस्टर रमेश चावला।

इंस्पेक्टर देवेंद्र दुबे को मुखबिर से सूचना मिली कि शातिर अपराधी रमेश चावला उर्फ नानक, पुत्र हेड सिंह निवासी ग्राम खुरमाबाद, मध्य प्रदेश, यमुना ब्रिज स्टेशन के पास से कहीं जाने की फिराक में है। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर दुबे टीम के साथ मौके पर पहुंचे और नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद संदिग्ध व्यक्ति दिखा, जिसे पुलिस ने घेरकर दबोच लिया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि रमेश गुजरात के एक बड़े चोरी गैंग से जुड़ा है, जो डुप्लीकेट चाभी बनाकर बड़े घरों में चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। रमेश के खिलाफ एत्माउद्दौला थाने में वर्ष 2021 और 2022 में गैंगस्टर एक्ट सहित तीन मुकदमे दर्ज हैं, जबकि सदर बाजार थाने में भी एक मामला लंबित है।

वर्ष 2024 में उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित हुआ था। गिरफ्तारी से बचते रहने पर 2025 में डीसीपी ने इनाम बढ़ाकर 25 हजार रुपये कर दिया था। पुलिस का कहना है कि अपराधी से पूछताछ जारी है और उसके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।

SP_Singh AURGURU Editor